







रुद्रपुर। कांग्रेस नेता संदीप चीमा ने किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उनके पास बहुत सबूत हैं। कांग्रेस हाईकमान पर्यवेक्षक भेजे तो वह सबूतों के साथ सामने आएंगे।
कहा कि कौन नहीं जानता कि पंचायत चुनाव में उनका टिकट कटवाने के लिए तिलकराज बेहड़ ने इस्तीफे तक की धमकी दी। आरोप लगाया कि बेहड़ ने एक कार्यकर्ता को ठिगना कहकर संबोधित किया यह मर्यादित भाषा नहीं है। कहा कि छात्र राजनीति से लेकर अभी तक उन्होंने तक बेहड़ के लिए कार्य किया, कोई धमकाकर प्रेशर में लेना चाहे तो वह झुकने वाले नहीं हैं। चीमा ने कहा कि वह कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नहीं हैं, लेकिन बेहड़ के साथ खड़े नहीं होंगे।
कहा कि कुरैया सीट पर बेहड़ अपने पैतृक गांव से मात्र तीन वोटों से जिता पाए। कहा कि चीमा ने कोई गद्दारी नहीं की और कांग्रेस प्रत्याशी का चुनाव प्रचार किया। कांग्रेस के साथ गद्दारी तो आरोप लगा रहे लोगों ने की है। हरीश रावत को किच्छा से चुनाव हराया गया। मीना शर्मा के लिए प्रचार तो दूर एक प्रेस कांफ्रेंस तक नहीं की। मीना शर्मा का चुनाव कार्यालय पर एक बार भी गाड़ी रोक कर बेहड़ ने यह नही पूछा कि उनकी कोई जरूरत तो नहीं है।
बेहड़ के खास लोग पार्टी छोड़कर चले गए, लेकिन बेहड़ ने किसी को नहीं रोका। आरोप लगाया कि बेहड़ गदरपुर में कौन सी राजनीति करते हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। कहा कि रुद्रपुर से ब्लाक प्रमुख का चुनाव साहब सिंह को लड़ने से रोककर भाजपा का रास्ता साफ किया गया। कहा कि उनके पास बहुत सबूत हैं। एक रिकार्डिंग में बेहड़ के सगे रिश्तेदार रुद्रपुर से कमजोर प्रत्याशी उतारने की बात कर रहे हैं।




