







रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आज मेयर पद के लिए नामांकन पत्र लेकर सबको चौंका दिया, क्योंकि उनकी किसी पार्टी में ज्वाइनिंग नहीं हुई है। ठुकराल का यह दाव उनकी किस राजनैतिक रणनीति का हिस्सा है इसका खुलासा तो नहीं हुआ है, लेकिन खुद ठुकराल ने यह माना है कि 48 घंटे में कोई धमाका जरूर होगा।


शनिवार सुबह अखबारों के जरिए ठुकराल ने एक पत्रक वितरित कराया, जिसमें उन्होंने मेयर का चुनाव लड़ने की इच्छा प्रकट की और जनता से आशीर्वाद मांगा। इसके बाद उन्होंने सादगी के साथ नामांकन पत्र खरीदा।
हालांकि ठुकराल का कांग्रेस में जाने की संभावना बनी हुई है, लेकिन कांग्रेस से मोहन खेड़ा का नाम तेजी से चर्चा में आया। कांग्रेस का एक गुट ठुकराल को कांग्रेस में आने से रोकने में पूरी ताकत लगा रहा है। हालांकि कुछ नेता उनकी पैरवी भी कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी अभी रुद्रपुर से प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है, जिससे कभी भी समीकरण बदल सकते हैं।
ठुकराल यदि निर्दलीय मैदान में ताल ठोकते हैं तो भी समीकरण बदलेंगे, लेकिन शायद वह इस गलती की पुनरावृत्ति नहीं करेंगे। उनके इस दाव के पीछे बड़ी राजनीति छिपी हो सकती है। हालांकि इसका खुलासा भविष्य के गर्भ में है।


