







रुद्रपुर। दिनेशपुर क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त व्यक्ति पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। बताते हैं कार सवारों ने अपहरण की कोशिश की। इसी दौरान गोली चली।


ग्राम जयनगर में 72 वर्षीय राम प्रकाश सुमन सेवानिवृत्त कलेक्ट्रेट कर्मी रहते हैं। वह मूल रूप से हरदोई उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। तथा 2018 से जयनगर में रह रहे हैं। वे खाना खाने के बाद नल पर हाथ धोने गए थे, कुछ ही देर में ऑल्टो कार में 2-3 बदमाश आये और उन्होंने राम प्रकाश सुमन पर बंदूक तान दी। हमलावरों ने सुमन को अगवा करने की कोशिश की। बंदूक को सीने से हटाने की प्रयास में बंदूक की गोली चली जो राम प्रकाश सुमन के मुंह से छूकर निकल गई, इस दौरान गोलियों के छर्रे लगने से राम प्रकाश सुमन का मुंह बुरी तरीके से जख्मी हो गया।
फायरिंग की आवाज सुनकर घर व आसपास के लोग बाहर आ गए, लोगों को आता देख उक्त अज्ञात हमलावर वहां से भाग निकले। आनन फानन में परिजन घायल बुजुर्ग को जिला अस्पताल ले गए, जहां घायल राम प्रकाश सुमन का उपचार चल रहा है। घायल का कहना कि उनकी किसी कोई दुश्मनी नहीं है। वहीं सूचना मिलने पर एसएसपी सहित आला अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी के बाद टीम बनाकर बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी। घायल को हायर सेंटर भी रैफर कर दिया गया है।


