







रुद्रपुर। जिले के एक नेता के दबाव में जिला पंचायत के विकास कार्य बाधित हैं, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल खत्म होने को सिर्फ एक माह का समय शेष रह गया है। अपर अधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी के खिलाफ अध्यक्ष जिला पंचायत और जिला पंचायत सदस्य बुधवार को सुबह 11 बजे डीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
बताते हैं सीडीओ के पास अपर मुख्य अधिकारी का अतिरिक्त कार्य भार है। सीडीओ न तो पुरानी निविदाओं को खोलने दे रहे हैं और न ही जिला पंचायत की बैठक में सर्व सहमति पारित विकास कार्यों के टेंडर होने दे रहे हैं। सीडीओ के इस रवैये से जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों में भारी असंतोष है।
सभी ने अपर मुख्य अधिकारी के खिलाफ डीएम कार्यालय पर बुधवार को धरना देने का निर्णय लिया है। बताते हैं एक नेता व्यक्तिगत कारण से विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने के उद्देश्य से सीडीओ पर दबाव बनाए हुए हैं। बोर्ड की बैठक के बाद भी विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष और सदस्यों का कहना है कि विकास कार्य नहीं होंगे तो वे अगले चुनाव में जनता के बीच क्या मुंह लेकर जाएंगे।




