







रुद्रपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में बंगाली समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा देने का प्रस्ताव समेत अनेक प्रस्ताव पारित किए गए।


शुक्रवार को जिला पंचायत की संभावित आखिरी बैठक में स्वयं जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार ने बंगाली समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा देने का प्रस्ताव रखा, जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसके अलावा कुल 26 करोड़ 36 लाख के विकास कार्य स्वीकृत कराए गए।
जिला पंचायत की बैठक में वर्ष 2024-25 के 10.36 करोड़ के तथा वर्ष 2023.24 के 16 करोड़ के कार्य प्रस्ताव पारित किए गए। इस धनराशि से ग्रामीण क्षेत्र में खड़ंजा, नाली, पेयजल आदि के कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा दो दिसंबर 2019 को जिला पंचायत अध्यक्ष को दिए गए सभी अधिकार बहाल कर दिए गए। महुआखेड़ा गंज का नाम अंबेडकर के नाम पर रखने और गढ़ी नेगी को नगर पंचायत बनाए जाने का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा गया।
यह भी मामला जिला पंचायत सदस्य हरदेव सिंह हरी ने उठाया कि खेमपुर की जिला पंचायत सदस्य सुमन ने अपने क्षेत्र में बगैर वर्क आर्डर जारी हुए 40 लाख के काम निजी चैक से करवा लिए, जबकि ठेकेदार गौरव चावला जिला पंचायत में पंजीकृत नहीं है। सुमन के ससुर द्वारा दिए गए चैक बाउंस हो गए और अब इसका भुगतान जिला पंचायत से कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच हो और सुमन की सदस्यता निरस्त हो।


