रुद्रपुर में यूपी के भाई बहन की संदिग्ध हालत में मौत, हत्या की आशंका

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र में सिंह कालोनी गली नंबर दस में किराए पर रहे भाई बहन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटनास्थल देखकर हत्या का मामला प्रतीत होता है। युवक दहेज हत्या के आरोप में हाल में जेल से जमानत पर छूटा था। मृतक भाई-बहन यूपी के रहने वाले बताए गए हैं, जिन्होंने तीन दिन पहले ही मकान किराए पर लिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक बुधवार को सिंह कालोनी में गली नंबर 10 निवासी अमोलख के मकान में किराए पर रह रहे भाई बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की सूचना मिली। इस पर कोतवाल धीरेन्द्र कुमार, एसएसआई केसी आर्या समेत अन्य पुलिस के अधिकारी पहुंचे। बाद में एएसपी निहारिका तोमर भी पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मौके पर मौजूद रवि ने पुलिस को बताया कि मृतक 23 वर्षीय सुनील पुत्र रामचंद्र और 19 वर्षीय करिश्मा को तीन दिन पहले ही मकान किराए पर दिलवाया था। सुनील ठेली लगाता था। दोनों जनपद बरेली के थाना दरियागंज क्षेत्र ग्राम चंदुआ के निवासी थे। पुलिस के मुताबिक सुनील का शव पंखे के कुंडे में लटका था, जबकि करिश्मा जमीन पर पड़ी थी। युवती के गले में निशान थे। कोतवाल धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है। उन्होंने बताया कि दोनों तीन मंजिले पर रहते थे। पुलिस शवों को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई को भेजा है। युवक के कपड़े पर खून था। ऐसा लग रहा है कि हत्या के बाद शव लटकाया गया है पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी है। दोनों की हत्या किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतक सुनील दहेज हत्या के आरोप में चार साल बाद जेल बाहर आया था। उसके ससुराल वालों ने दहेज हत्या का केस कराया था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *