बाजपुर में राइस मिलर से 50 हजार की रिश्वत लेते सीनियर मार्केटिंग अफसर गिरफ्तार

रुद्रपुर। वरिष्ठ विपणन अधिकारी, खाद्य विभाग मण्डी परिसर बाजपुर को 50,000 / रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया गया।

गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान, सेक्टर हल्द्वानी नैनीताल अनिल सिंह मनराल के पर्यवेक्षण में तथा निरीक्षक हेम चन्द्र पाण्डे के नेतृत्व में विजिलेंस टीम द्वारा शिकायतकर्ता की शिकायत पर विपणन अधिकारी मोहन सिंह टोलिया, कार्यालय वरिष्ठ विपणन अधिकारी खाद्य विभाग मण्डी परिसर बाजपुर को उनके कार्यालय से शिकायतकर्ता से 50,000/- रुपये रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत की थी कि उनकी बन्नाखेड़ा में राईस मिल है उनके द्वारा सरकारी धान को लेकर उसका चावल बनाकर सरकार को दिया जाता है जिसमें सरकार उनको कुटाई, तौलाई, सफाई आदि के पैसे देती है। केन्द्र में तैनात मोहन सिंह टोलिया विपणन अधिकारी द्वारा उनसे 19.50 रूपये प्रति कुन्टल की दर से घूस मांगी जा रही है। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता है। उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही चाहता है।

उक्त शिकायत पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल सिंह मनराल द्वारा शिकायतकर्ता के शिकायती प्रार्थना पत्र की जांच कराने पर तथ्य सही पाये जाने पर निरीक्षक हेम चन्द्र पाण्डे के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुये आज विपणन अधिकारी मोहन सिंह टोलिया पुत्र श्री बाल सिंह टोलिया निवासी केयर ऑफ कृष्ण कुमार संजय कालोनी मण्डी बाजपुर को शिकायतकर्ता से 50.000/- रुपये (पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुये कार्यालय वरिष्ठ विपणन अधिकारी, खाद्य विभाग बाजपुर ऊधमसिंहनगर से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अभियुक्त से पूछताछ जारी है। उक्त प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कर अनुसंधान किया जायेगा ।

निदेशक सतर्कता डॉ० वी० मुरूगेशन द्वारा ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *