भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने किच्छा में निकाला रोड शो, कही ये बात

रुद्रपुर। नैनीताल ऊधमसिंह नगर के भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने जोरदार रोड शो निकालकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। मतदान की तिथि नजदीक आते ही भाजपा प्रत्याशी ने प्रचार अभियान में ताकत झोंक दी है। इसी के तहत किच्छा में भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने जोरदार रोड शो निकालकर ताकत का एहसास कराया।

रोड शो के दौरान अजय भट्ट ने कहा कि कहा कि केंद्र सरकार के प्रयास से न सिर्फ सड़क की कनेक्टिविटी बढ़ी है, बल्कि डिजिटल सुविधाएं भी बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त भारत के लिए मोदी सरकार जरूरी है।भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने कहा कि आज गांवों में आधुनिक सुविधाएं विकसित हुई हैं। भाजपा की दस वर्ष की मोदी सरकार के कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण हुआ है। आज हर क्षेत्र में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। देश की 10 करोड़ बहनों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा है। कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में जितनी तेज गति से सड़कों का निर्माण कार्य हुआ है, उतना 70 सालों में नहीं हुआ। रेलवे से लेकर हवाई यातायात तक की सुविधाएं बढ़ी हैं।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राम मंदिर का प्रकरण सालों से लंबित था। भाजपा ने मंदिर निर्माण का प्रण लिया और उसे पूरा कर दिखाया। करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक भव्य राम मंदिर आज अयोध्या में बन चुका है। कहा कि कांग्रेस मंदिर विरोधी रही यह बात साबित हो चुकी है, जब कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और सोनिया गांधी ने राम मंदिर उद्घाटन का निमंत्रण तक ठुकरा दिया था। कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भारत काफी मजबूत हुआ है। आज हमारी सेनाएं अत्याधुनिक हथियारों से लैस हैं। शक्तिशाली भारतीय सेनाओं की वजह देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद का खात्मा किया जा रहा है।

उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने का ख्वाब छोड़ दे। आज कांग्रेस में भगदड़ मची हुई है, जो पार्टी की कमजोरी को प्रदर्शित कर रही है। कांग्रेस की तुष्टीकरण की नीति के कारण देश में आतंकवाद पनपा। आज भी कांग्रेस का ऐजेंडा तुष्टीकरण का है। जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। कहा कि सशक्त भारत के लिए केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार जरूरी है। जनता ने फिर मन बना लिया है देश में मोदी सरकार लाने का।

रोड शो के दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, विपिन जल्होत्रा, मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना, विधानसभा विस्तारक भुवन पांडे, विधानसभा प्रभारी दिनेश आर्य, जितेंद्र गुप्ता, भगवान दास वर्मा, अमरनाथ कश्यप, मंडल मंत्री पूरन भट, प्रकाश पंत, राजेश कोली, विनोद कोली, महेंद्र पाल, मुकेश कोली, मूलचंद कोली, राकेश गुप्ता, अभिषेक सक्सेना, गोल्डी गोराया, सुरेंद्र चौधरी, हीरालाल प्रजापति, नंदलाल प्रजापति, भगत सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *