कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने सांसद से लगाई सवालों की झड़ी, रुद्रपुर क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं व जनसंपर्क

रुद्रपुर। कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को सवालों के कटघरे में खड़ा और कहा कि वे इन सवालों के जवाब दें। पूछा कि 10 करोड़ रुपए की सांसद क्यों खर्च कर पाए। अग्निवीर योजना के सूत्रधार बन सैन्य परंपराओं का अपमान क्यों किया? आदर्श ग्राम बनाने के नाम पर भोले-भाले ग्रामीणों को गुमराह क्यों किया?

कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी ने आज शाम अपने चुनाव कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत की। कहा कि सांसद निधि के दस करोड़ खर्च करना तो दूर भट्ट उस धनराशि से विकास के प्रस्ताव तक नहीं दे पाए।

सांसद से पूछा कि जिन गांवों को गोद लिया, उन गांवों में कितनी बार गए? पर्यटन मंत्री रहते उत्तराखंड जैसे पर्यटन राज्य में कौन सी बड़ी योजना लाए? उत्तराखंड के किसी जिले का चयन डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए क्यों नहीं हुआ? उत्तराखंड में पांच केंद्रीय विद्यालय खोलने का प्रस्ताव है, लेकिन एक भी विद्यालय नैनीताल लोकसभा क्षेत्र में क्यों नहीं है।

इससे पूर्व आज रुद्रपुर विधानसभा अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ सभा और व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान भुरारानी के द्वारिका फार्म हाउस में हुई नुक्कड़ सभा में भाजपा राज में बेतहाशा बढ़ती महंगाई और घटते रोजगार से खफा होकर शेखर विश्वास, कन्हैया लाल, सुरेंद्र पाल, विकास बिष्ट, पवन बिष्ट ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थामा।

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तराई के किसान और उत्तराखंड के जवान भाजपा राज में सबसे ज्यादा उपेक्षित हैं। सबने ठानी है भाजपा हटानी है।

पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन ने कहा कि इस बार भाजपा धर्म जात के नाम पर कोई खेल नही कर पायेगी। जनता जागरूक है और परिवर्तन का मन बना चुकी है। महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि महानगर कांग्रेस भाजपा की पोल खोलने के संकल्प के साथ धरातल पर उतर चुकी है और घर-घर जाकर कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार कर रही है।

पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि बेटी अंकिता भंडारी को अभी तक न्याय नहीं मिल पाया और उल्टा दोषियों को बचाने का कार्य भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है। भाजपा राज में माताएं बहनें सुरक्षित नहीं है। बेटी बचाओ का नारा खोखला साबित हुआ है।

इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, अनिल शर्मा, हरीश पनेरू, सचिव संगठन नवनीत सती, सुभाष बेहड़, शिल्पी अरोड़ा, मोहन खेड़ा, ओशियन सिंह यादव, ओंकार ढिल्लन, डॉ. रवि चौपड़ा, आप नेता डॉ नारायण हालदार, सुभाष व्यापारी, संदीप चीमा, सरदार गुरबक्श सिंह, भाकपा माले नेता अनिता, मोनिका, प्रीति, प्रकाश सरकार, योगेश चौहान, मन्नू चौधरी, रमेश शर्मा, मनीष बावरा, अमन जौहरी, कशिश खेड़ा, सुनील जड़वानी, हरेंद्र पाल, गुरमीत चीमा, किशोर सावंत, प्रेम सिह, मनोज देवराड़ी, ग्राम प्रधान विकास सरकार, सरदार साहब सिह सहित दर्जनों कांग्रेस नेताओं और इंडिया गठबंधन नेताओ ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी के चुनाव प्रचार में सहयोग दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *