बाबा की हत्या के तार दूसरे प्रांतों से जुड़े, सीएम धामी और सांसद भट्ट श्रद्धांजलि देने नानकमत्ता पहुंचे

रुद्रपुर। नानकमत्ता गुरुद्वारे के डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या की खबर सुनकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सांसद अजय भट्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाबा तरसेम सिंह की आत्मा को शांति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की और उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। उधर, पुलिस हर एंगल से हत्याकांड की जांच कर रही है। हमलावर कई दिन से गुरुद्वारे के गैस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। हत्याकांड के तार अन्य प्रदेश से जुड़े होने की संभावना है। माना जा रहा है कि हमलावर भाड़े के शूटर रहे होंगे। घटना का मास्टर माइंड कोई और हो सकता है।

यहां बता दें 15 दिन पूर्व बाबा तरसेम सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस करके खुद की जान का खतरा होने की बात कही थी। सवाल यह उठ रहा है कि बाबा को किससे जान का खतरा था। कौन उन्हें क्यों मारना चाहता था। इन सवालों के जवाब पुलिस खोज रही है। घटना की सूचना पर डीआईजी योगेन्द्र रावत भी नानकमत्ता पहुंचे। घटना के विरोध में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।

सीएम धामी और सांसद भट्ट ने सिख संगत को आश्वस्त किया कि हमलावर जल्द पकड़े जाएंगे और हत्या के पीछे जिनका भी हाथ होगा, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बाबा के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *