मां चीखती रह गई, तेंदुए ने ली मासूम की जान, दून में भी एक बच्चे पर हमला

रुद्रपुर। नानकमत्ता में अपने खेत में चारा काट रही मां के सामने ही खेत में खेल रहे चार वर्षीय मासूम को तेंदुए ने मार डाला। मां और आसपास चारा काट रहीं महिलाओं के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर भाग गया। गले पर तेंदुए के दांत लगने से बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वही सूचना पर वन विभाग व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रविवार शाम करीब पांच बजे ग्राम टुकड़ी निवासी सुखविंदर कौर पत्नी मंगल सिंह अपने चार वर्षीय बेटे जसवंत सिंह को लेकर गांव की अन्य महिलाओं के साथ पशुओं के लिए खेत से चारा लेने गई थी। सुखविंदर ने बेटे को खेत की मेड़ के पास खेलने के लिए छोड़ दिया और चारा काटने लगी।
इसी दौरान पास के गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने मासूम पर हमला कर दिया। तेंदुए को देखते ही मां और अन्य महिलाओं ने शोर मचाया, जिससे घबराकर तेंदुआ मासूम को छोड़ गन्ने के खेत में चला गया। गर्दन पर तेंदुए के दांत लगने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सुदली मठ वन क्षेत्राधिकारी खुशाल राम टम्टा वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। एसआई शंकर सिंह बिष्ट, अशोक कांडपाल, कांस्टेबल नवनीत कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बच्चे की मौत पर पिता मंगल सिंह, मां सुखविंदर कौर और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

उधर देहरादून में कैनाल रोड के पास दोस्तों के साथ नदी किनारे खेल रहे 12 वर्षीय बच्चे पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में घायल बच्चे को दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में इस तरह की यह पहली घटना है।

घटना राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड के पास की है। यहां पर सुंधोवाली में रिस्पना नदी किनारे 12 वर्षीय निखिल थापा पुत्र शेरबहादुर थापा अपने चार-पांच दोस्तों के साथ खेल रहा था। रविवार शाम करीब सवा छह बजे लोगों ने बच्चों के चीखने की आवाज सुनी तो मौके की ओर दौड़े। देखा वहां पर निखिल घायल हालत में पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *