यहां है किसी को कानून का डर? खुलेआम धारदार हथियार लहरा कर ललकार रहा है यह युवक, पीड़ित परिवार खौफजदा

रुद्रपुर। हाथ में धारदार हथियार और खुलेआम हमले की धमकी एसएसपी के तमाम अभियानों को मुंह चिढ़ा रहा है। पुलिस आरोपी को पकड़कर छोड़ देती है और आरोपी व उसके परिजन पुन: धमकी देते हैं। उससे पीड़ित परिवार डरा सहमा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें आरोपी धारदार हथियार लहरा रहा है।

घटना रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दानपुर की है। दानपुर निवासी दीपक वर्मा पुत्र स्वर्गीय राजेश वर्मा ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा कि 13 नवंबर की शाम करीब सात बजे उनके पड़ोस में हंसप्रकाश वर्मा पुत्र स्वर्गीय प्रभुनाथ ने शराब के नशे में धुत होकर उनके घर के सामने आया और गाली गलौज करने लगा। उसके हाथ में धारदार हथियार था और वह उन्हें ललकारते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा था। दीपक ने घर को अंदर से बंद कर रखा था, अन्यथा वह हमला कर सकता था। दीपक ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचित किया। पुलिस आई और हंस प्रकाश को पकड़कर ले गई, उसके परिजन उसे कोतवाली से छुड़ाकर ले आए।

तहरीर में कहा गया है कि अब हंस प्रकाश, उसका भाई वेदप्रकाश वर्मा, शिव प्रकाश वर्मा उसका चचेरा भाई जितेंद्र वर्मा दीपक और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। जिसकी वजह से दीपक और उसके परिवार वाले दहशत में हैं। उसने कहा कि प्रार्थी को उक्त लोगों से जानमाल का खतरा बना हुआ है। यदि उसके परिवार के साथ कोई घटना घटित होती है तो उक्त लोग जिम्मेदार होंगे। तहरीर में रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *