







रुद्रपुर। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से मुलाकात करके उन्हें रुद्रपुर आने का न्योता दिया। साथ ही रुद्रपुर के गांधी पार्क के अस्तित्व को बचाने के लिए आवाज बुलंद करने का आग्रह किया।


महानगर अध्यक्ष ने हरीश रावत को बताया कि सभी वार्डों में अध्यक्षों का गठन हो चुका है। महानगर इकाई भी गठित हो चुकी है। उन्होंने अनुरोध किया कि रुद्रपुर आकर सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों को आशीर्वाद दें और उनका मार्गदर्शन करें। सीपी शर्मा ने पूर्व सीएम को बताया कि रुद्रपुर के गांधी पार्क के अस्तित्व को समाप्त कर उसे बेचने की तैयारी सत्तारूढ़ दल के नेता कर रहे हैं। उनके द्वारा विरोध किया जा रहा है, क्योंकि गांधी पार्क रुद्रपुर की धरोहर है, जहां कई महापुरुषों की प्रतिमाएं है और सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रम होते रहे हैं। यह रुद्रपुर के बीचो-बीच है, जिस पर सत्तारूढ़ दल के विधायक की नजर है और उन्होंने इसकी डीपीआर भी बनवा ली है। उन्होंने गांधी पार्क को बचाने की मुहिम में उनकी आवाज को बुलंद करने का अनुरोध किया। साथ ही दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूर्व सीएम हरीश रावत ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह उनकी आवाज को बुलंद करेंगे।


