







रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने चर्बी से घी बनाने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। चर्बी से घी बनाने में संलिप्त चार अभियुक्तों को पुलभट्टा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उबली चर्बी से बने घी के 205 कनस्तर, पिकप वाहन व इलैक्ट्रानिक कांटा बरामद हुआ है।


आगामी त्यौहारों के सीजन मे चर्बी से बने घी को स्थानीय बाजार मे खपाने की योजना थी। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम के लिए 1,500 रुपए के नकद ईनाम की घोषणा की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टी सी ने जनपद के समस्त थाना प्रभारियों सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये थे। उक्त आदेश अनुपालन मे थाना पुलभट्टा पुलिस द्वारा सिरौलीकला क्षेत्र मे एक गोदाम से पिकप में चर्बी से बने घी के कुल 205 कनस्तर बरामद किये। बरामद चर्बी/घी की कीमत करीब 2 लाख रुपये से अधिक है।
गिरोह के सरगना इकबाल साबरी सहित नईम कुरैशी वाहन स्वामी यासीन मलिक एवं चालक मोहम्मद आलम को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों ने बताया कि वह दरऊ, कल्याणपुर, टांडा, चारबीघा, सिरौलीकला आदि स्थानों से चर्बी अवैध रूप से एकत्र कर चर्बी को गलाकर उसका घी आस पास के दुकानदारों व कुछ नामीगिरामी फैक्ट्रियों को 1000 रुपये प्रति कनस्तर के हिसाब से बेचते हैं।
मौके पर बरामदा चर्बी से बने घी के सैम्पल लेने के लिए खाद्य निरीक्षक रुद्रपुर व पशु चिकित्साधिकारी किच्छा को मौके पर बुलाकर उक्त भैस की चर्बी से बने घी के सैम्पल भरे गये। जिन्हें परीक्षण हेतु एफएसएल भिजवाया जा रहा है। बरामदगी के आधार पर पकडे गये चारो अभियुक्तों के विरुद्ध थाना पुलभट्टा में धारा 272/273/429 भादवि व उत्तराखण्ड गौ वंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/6(1)/11(1)(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम अभियुक्तों द्वारा जिन जिन स्थानीय दुकानदारों को चर्बी से बने घी की सप्लाई की जाती थी की जांच की जा रही है । अभियुक्त इकबाल नईम कुरैशी पर पूर्व में भी गौकशी के अभियोग दर्ज है।


