लूट और हत्याकांड में भाजपा नेता समेत दो को उम्रकैद और अर्थ दंड

रुद्रपुर। लूट और हत्या के मामले में भाजपा नेता समेत दो दोषियों को प्रथम अपर जिला जज ने आजीवन कारावास और अर्थ दंड की सजा सुनाई है। वर्ष 2004 में युवा तेल व्यापारी की निर्मम हत्या कर लाखों की लूट हुई थी।

जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2004 को गल्ला मंडी रुद्रपुर निवासी तेल कारोबारी किशन चंद्र बिंदल ने थाना बाजपुर में शिकायती पत्र देकर बताया था कि उनका छोटा बेटा तरुण बिंदल तेल सप्लाई के पैसों की वसूली के लिए 21 फरवरी की प्रात: रामनगर गया था और वापसी के दौरान बाजपुर इलाके में वसूली के लिए आना था मगर देर रात तक वापस घर नहीं लौटा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवा व्यापारी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी।

तफ़्तीश के दौरान पुलिस ने 25 फरवरी को दोराहे के पास मोहित कक्कड़ उर्फ मनी निवासी भगत सिंह चौक, मोहित कक्कड़ उर्फ विक्की निवासी कच्ची खमारियां किच्छा के अलावा एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस दौरान आरोपियों द्वारा पुलिस पर फ़ायरिंग की गई थी, जिसका मुक़दमा पुलिस ने दर्ज कराया था। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर युवा व्यापारी तरुण बिंदल का शव बरामद कर शिनाख्त की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर तरुण की पहले गोली मारकर हत्या की और शव को बाजपुर दोराहे के पास ठिकाने लगाने के बाद नगदी से भरा बैग और सोने की चैन लूट ली थी जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर गदरपुर के पास से 36-36 हज़ार रुपये की नगदी व लूटे गए बैग जले हुए, उसकी चैन आदि बरामद की और हत्या में प्रयुक्त तमंचे व कारतूस भी बरामद किए थे। जिनका मृतक के शव के पास से मिले कारतूस के साथ मिलान हो गया था।

मामले की सुनवाई प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशील तोमर की अदालत में शुरू हुई जहां एडीजीसी दीपक अरोरा ने अदालत के सामने ग्यारह गवाह और बैलेस्टिक रिपोर्ट पेश की। दोनों पक्षों की जिरह सुनने,साक्ष्यों व तथ्यों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने मोहित कक्कड़ उर्फ मनी और मोहित कक्कड़ उर्फ विक्की को आजीवन कारावास और एक एक लाख व पन्द्रह पन्द्रह हज़ार रुपये का अर्थदंड देने की सजा सुनाई,साथ ही कहा कि जुर्माने की धनराशि में से पचास पचास हज़ार रुपये वादी पक्ष को दिये जायें । इधर नाबालिग होने के कारण तीसरे आरोपी के विरूद्ध किशोर न्यायालय में मुक़दमा चला जिसमें वह बरी हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *