रुद्रपुर: बगैर परिचालक स्कूल बस बैक कर रहा था चालक, बालिका की मौत, हंगामा

रुद्रपुर। प्रीत बिहार कालोनी में एक स्कूल बस के चालक की जरा सी लापरवाही के चलते एक सात वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद भीड़ ने चालक को पकड़कर पीट दिया। पुलिस की मौजूदगी में भी घंटों हंगामा चला। विधायक शिव अरोरा ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।

प्रीत बिहार की गली नंबर चार में शुक्रवार सुबह को सात वर्षीय नेहा शर्मा अपने घर से स्कूल के लिए जा रही थी तभी जी डी गोयनका स्कूल की बस की चपेट में आकर कुचल गई। बताते हैं कि बस पर परिचालक नहीं था और चालक बस को बैक कर रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रही नेहा कुचल गई। बस चालक भी वृद्ध था। घटना के बाद लोगों ने चालक को पकड़कर पीट दिया और हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना पर पुलिस पहुंची तो भीड़ और उग्र हो गई। भीड़ ने बस में तोड़फोड़ कर दी। लोगों ने पुलिस की हिरासत में भी बस चालक को पीटने का प्रयास किया।

सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा घटना स्थल पर पहुँचे जहां बड़ी संख्या में परिजनों के साथ लोगों के बीच में भारी आक्रोश नजर आया। विधायक शिव अरोरा ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उनको ढांढस बंधाया। बोले निश्चित रूप से यह घटना बेहद पीड़ादायक है जिस प्रकार से उस मासूम की मृत्यु हुई यह परिवार के लिये न सहने वाले वाला दुख है। विधायक ने परिजनों को कहा वह हर प्रकार से उनके साथ खड़े हैं और इस घटना में स्कूल बस चालक की घोर लापरवाही नजर आयी है। विधायक शिव अरोरा ने कोतवाल विक्रम राठौर को चालक के खिलाफ आपराधिक मामले में मुकदमा दर्ज करने को कहा। वहीं सड़क दुर्घटना बीमा के तहत पुलिस को रिपोर्ट तैयार करने को कहा जिससे पीड़ित परिवार को मदद मिल सके और परिवार की सहमति के आधार पर मौके पर स्कूल स्वामी को बुलाकर आर्थिक मदद भी दिलाई। विधायक ने परिजनों से कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से भी आपको आर्थिक सहायता दिलवाई जायेगी। विधायक बोले स्कूलों को हर कालोनी हर आंतरिक मार्गो से गुजरना होता है जिसको लेकर सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसी घटना भविष्य में बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

इस दौरान सीओ सिटी अनुषा बडोला, कोतवाल विक्रम राठौर, एसएसआई कमल हसन, एस आई सन्दीप शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्म सिंह कोली, सुनील यादव, भीमसेन गुप्ता, जितेंद्र मौर्य, रवि दिवाकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *