नौ साल में गन्ने का मूल्य सिर्फ दस रुपया और सिलेंडर का मूल्य चार सौ से ग्यारह सौ रुपया, प्रचार से गुमराह नहीं होगी जनता: पूनम पंडित

रुद्रपुर। कांग्रेस नेत्री पूनम पंडित ने कहा कि नौ वर्ष में केंद्र सरकार ने गन्ने का मूल्य दस रुपये बढ़ाया है, जबकि गैस सिलेंडर का मूल्य इन नौ सालों में चार सौ रुपए से बढ़ कर 11 सौ पहुंच गया है। सरकार को यदि किसान की चिंता थी तो कम से कम सौ रुपए गन्ने का मूल्य बढ़ाना चाहिए था। दस रुपए बढ़ा कर सरकार अपनी उपलब्धि का ढिंढोरा पीटेगी। बड़े बड़े होर्डिंग्स और विज्ञापन लगेंगे।

किसान आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली पूनम पंडित यहां द्वारिका फार्म हाउस पर पत्रकारों से बात कर रहीं थीं। कहा सरकार ने नमक तक पर 15 प्रतिशत जीएसटी लगा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 350 करोड़ रुपए सिर्फ प्रचार में खर्च कर दिए। प्रचार के जरिए जनता को गुमराह किया जाता रहा है, लेकिन जनता मूर्ख नहीं है। महंगाई पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। आज गरीब तो गरीब हर मध्यम वर्ग के लोग भी महंगाई से त्रस्त हैं। बेरोजगारी चरम पर है। सरकार रोजगार मुहैया नहीं करा पा रही है।

कहा कि हिन्दू और मुस्लिम को लड़ाकर समाज में नफरत का बीज बो दिया गया है। यूपी के हाथरस में एक बेटी को बलात्कार के बाद जला दिया गया। उत्तराखंड की अंकिता को आजतक इंसाफ नहीं मिला। पुरोला में ऐसा वातावरण तैयार किया गया कि मुस्लिम पलायन को मजबूर हो गए। उन्होंने कहा कि भाजपा का सनातन धर्म से कोई लेना देना नहीं है। यह सिर्फ सत्ता हथियाने के लिए धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने का काम करती है। आजादी की लड़ाई में हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी का योगदान रहा है। देश में सामाजिक सद्भभाव जरूरी है।

पूनम पंडित ने कहा जनता अब बदलाव चाहती है। जनता भाजपा की असलियत समझ चुकी है। द्वारिका फार्म हाउस के स्वामी और किसान नेता बल्देव छाबड़ा और कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने पूनम पंडित का स्वागत किया। पूनम पंडित ने कुछ कांग्रेसियों के साथ विचार-विमर्श भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *