विजिलेंस अधिकारी बन कर एक लाख की वसूली करने वाले तीन पत्रकार गिरफ्तार, महिला सहयोगी फरार

हल्द्वानी। सिंचाई विभाग में तैनात कर्मचारी से रंगदारी मांगने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन पत्रकारों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक महिला फरार चल रही है।

एसपी क्राइम डॉ जगदीश चंद्र ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत दिवस सिंचाई विभाग के प्रधान कार्यालय में तैनात बाबू ने पुलिस को शिकायत करते हुए बताया कि दो दिन पहले एक महिला सहित चार लोग उनके कार्यालय पहुंचे। सभी ने स्वयं को पुलिस की विजिलेंस शाखा का अधिकारी बताया और विजिलेंस का आईकार्ड दिखाया। इसमें से एक आरोपी के साथ वह बाइक से एटीएम पहुंचे और 70 हजार रुपये निकाले। बाकी की रकम 20 हजार रुपये अपने परिचित से उधार लिए और 10 हजार रुपये मिलाकर आरोपियों को एक लाख रुपये की रकम दी। इसके बाद सभी फरार हो गए। जिसके बाद सिंचाई विभाग के कर्मी ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी में करते हुए मामला दर्ज कराया। जिस पर पुलिस द्वारा रंगदारी मांगने वालों की तलाश शुरू करते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी का अवलोकन करते हुए आस पास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की गयी। जानकारी प्राप्त करने हेतु क्षेत्र में मुखबिर भी तैनात किये गये।

उक्त गिरोह में शामिल तीन अभियुक्तो को मनिहार गोठ टनकपुर जिला चम्पावत से रंगदारी में वसूली गयी धनराशि व घटना में प्रयुक्त वाहन सहित गिरफ्तार किया गया है । गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा पूछताछ में उन्होंने अपना नाम भूपेंद्र सिंह पुत्र रणधीर सिंह बाजपुर, सुंदर सिंह पुत्र हयात सिंह निवासी गुलरभोज, सौरभ गाबा पुत्र किशन लाल शांति बिहार रुद्रपुर बताया। जबकि फरार महिला का नाम साक्षी सक्सेना निवासी नोएडा शामिल है। तीनों आरोपियों के पास से 90 हजार बरामद हुए है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले सौरभ गाबा वर्ष 2019 में चिकित्सक के स्टिंग में एक लाख की रंगदारी मांगने में जेल जा चुका है। इन तीनों को टनकपुर में रंगदारी के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी हरेंन्द्र चौधरी, वरिष्ठ उप निरीक्षक विजय मेहता, चौकी प्रभारी टी.पी.नगर पंकज जोशी, चौकी प्रभारी मंगलपडाव जगदीप नेगी, कांस्टेबल बंशीधर जोशी, घनश्याम रौतेला एवं अनिल गिरी (एसओजी) सम्मिलित रहे। उपरोक्त पुलिस टीम को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र डॉ0 नीलेश आनन्द भरणे द्वारा 10,000 रुपए व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद नैनीताल पंकज भट्ट द्वारा 5000 हजार का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *