देव विहार कालोनी में जनसमस्याओं से रूबरू हुए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा

रुद्रपुर। वार्ड नंबर एक स्थित देव विहार में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सीपी शर्मा का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष ने समस्याओं का भी जायजा लिया और जनसमस्याओं की अनदेखी के खिलाफ संघर्ष करने की बात कही।

देव विहार में पार्टी कार्यकर्ता चन्द्रपाल की अगुवाई में महानगर अध्यक्ष का फूल मालाओं से स्वागत हुआ। इस दौरान सीपी शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके लिए सर्वाेपरि है। जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है उस पर पूरी निष्ठा से काम करते हुए पार्टी को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाएगी। इस दौरान महानगर अध्यक्ष श्री शर्मा जन समस्याओं से भी रूबरू हुए। देव विहार कालोनी के लोगों ने उन्हें बताया कि कालोनी में न बिजली के खंभे हैं और न ही नाली और सड़क है। पेयजल के लिए भी कोई इंतजाम नहीं किये गये हैं। नालियां नहीं होने से कालोनी में मच्छरों का प्रकोप है जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बिमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। बगवाड़ा की ओर जाने वाले मार्ग की हालत भी खस्ता है जिसमें आये दिन हादसे होते हैं।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि जन समस्याओं को लेकर संघर्ष किया जायेगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुका है। चहेते ठेकेदारों को काम दिये जा रहे हैं और पूंजीपतियों की कालोनियों में ही नगर निगम पैसा खर्च करने में लगा हुआ है। गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों की कालोनियों में जनसमस्याओं की अनदेखी की जा रही है। मलिन बस्तियों में और भी बुरा हाल है। नगर निगम का यह उपेक्षापूर्ण रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि सभी वार्डाे में भ्रमण अभियान चलाकर नगर निगम के भ्रष्टाचार की पोल खोली जायेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर जनता के साथ खड़ी है। जनता के हक की लड़ाई को मजबूती से लड़ा जाएगा।

महानगर अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम की तैयारी में जुटने का आहवान भी किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव दमखम के साथ लड़ा जायेगा। इस अवसर पर पार्षद मोहन खेड़ा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल भसीन, सुनील आर्य, सतीश कुमार, नंद किशोर गंगवार, चन्द्रपाल, , रमेश बोरा, राजेन्द्र कुमार, उत्तम सिंह, प्रेमलता आदि समेत तमाम लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *