







रुद्रपुर। सामिआ लेक सिटी के निदेशक सगीर अहमद की गिरफ्तारी के बाद अब तस्लीम नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। 24 घंटे के भीतर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने दूसरी गिरफ्तारी की है। तस्लीम कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत था और उसने कई रजिस्ट्री भी कर रखी हैं। इस मामले में पुलिस अब बिल्डर जमील अहमद की तलाश में छापेमारी कर रही है। सामिया ग्रुप के शिकार लोग भी अब सामने आने लगे हैं। अभी और मुकदमे दर्ज हो सकते हैं।



बता दें बीती 12 मार्च को लालकुआं निवासी फरदीन, फरहीन, मो. सहजाद व फिरदोस खान ने सामिया लेक सिटी के मालिक जमील खान व डायरेक्टर सगीर अहमद खान द्वारा वर्ष 2011-12 में कुल 48 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। इन लोगों का कहना था कि उनके द्वारा प्लॉट क्रय करने के लिए पैसे दिये गए लेकिन अभी तक उन्हें कब्जा नहीं मिल पाया, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच की। सीओ की जांच में तथ्य सही पाये गए। जिसके बाद पुलिस ने सामिया के डायरेक्टर सगीर अहमद को गिरफ्तार किया।
सगीर से पूछताछ में अन्य नाम भी सामने आए, जिसमें आज पुलिस ने प्रकाश में आये रजिस्ट्रीकर्ता तसलीम को पुलभट्टा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया व अन्य लोगों की तलाश जारी है। एसएसपी का कहना है कि इस मामले में जल्द ही जमील अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने के साथ ही संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही गिरोह बनाकर धोखाधड़ी करने के मामले में गैंगस्टर भी लगाया जाएगा।
सामिया बिल्डर्स ने काशीपुर रोड पर सामिया लेक सिटी विकसित की। आरोप है कि अनेक लोगों से रुपये लेने के बाद उन्हें प्लाट नहीं दिए गए। एक प्लाट की अनेक रजिस्ट्रियां करके लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई। इस पूरे प्रकरण का मास्टर माइंड जमील अहमद बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास हो रहे हैं।


