







रुद्रपुर। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा को हाथ जोड़ो यात्रा के दौरान सिटी क्लब में आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का विरोध करना भारी पड़ गया। सूत्रों की मानें तो यशपाल आर्य ने कांग्रेस हाईकमान को इसकी शिकायत की थी। जिस पर हाईकमान ने उन्हें महानगर अध्यक्ष पद से हटाया।


गौरतलब है कि कांग्रेस के इस कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने होर्डिंग्स और फ्लेक्स में अपनी तस्वीर न होने पर हंगामा कर दिया था और समर्थकों के साथ कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया था। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। पत्रकार वार्ता में ही उन्होंने कह दिया था कि यह अनुशासन हीनता है और वह हाईकमान को पत्र लिखेंगे।
यहां बता दें कि जगदीश तनेजा पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ के करीबी हैं। उनके कार्यकाल में कांग्रेस लगातार कई चुनाव हारी। हालांकि बेहड़ गुट के नेता भी उनसे संतुष्ट नहीं थे, बावज़ूद इसके असंतुष्ट नेता भी यह नहीं चाहते थे कि सीपी शर्मा को महानगर अध्यक्ष बनाया जाए। उन्होंने इसका विरोध प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के सामने भी जाहिर किया था। बता दें कांग्रेस के हिमांशु गावा और उनके समर्थक सीपी शर्मा की पैरवी कर रहे थे। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का भी सीपी वर्मा को वरदहस्त प्राप्त था, लिहाजा कांग्रेस हाईकमान ने सीपी शर्मा के नाम पर मुहर लगाते हुए महानगर अध्यक्ष पद पर उनकी ताजपोशी कर दी।
इस ताजपोशी के बाद सीपी शर्मा कितने लोगों को मना पाएंगे , यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन बेहड़ समर्थक कुछ कांग्रेसी नेता पहले से ही भाजपा के संपर्क में हैं। वे कब कांग्रेस को बाय बाय कर जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता।


