स्मैक को लेकर दोस्त ने मार डाला अरमान को

रुद्रपुर। ईद के दिन एक तरफ पूरे इलाके में लोग ईद की मुबारकबाद दे रहे थे, वहीं दूसरी तर जसपुर में स्मैक के नशे की लत में डूबे एक युवक ने चाकू से गोद कर अपने ही जिगरी दोस्त को मौत के घाट उतार दिया।

नई बस्ती निवासी अरमान अली पुत्र सफीक अहमद नमाज पढ़ कर जैसे ही अपने घर पहुंचा उसका दोस्त समीर पुत्र मोहम्मद नासिर उसे बाइक से घर लेने पहुंच गया और कहा चलो घूमने चलते हैं। साथ में मृतक का एक रिश्तेदार भी उनके साथ चल पड़ा, लेकिन कुछ दूर चलने के बाद मृतक के रिश्तेदार को समीर ने बाइक से उतार दिया।

कुछ दूर पहुंचने के बाद एक सुनसान जगह पर समीर और अरमान अली ने पहले स्मैक का सेवन किया, फिर थोड़ी देर बाद समीर ने अरमान अली से कहा की तुम बाइक चलाओ और जैसे ही अरमान अली बाइक पर बैठा समीर ने उसकी पीठ पर धारदार लंबे चाकू से जबरदस्त वार कर दिया,जिसके बाद अरमान अली ने अपना बचाव करने की कोशिश की और इसी दौरान समीर का अपने ही चाकू से एक हाथ भी जख्मी हो गया। बावजूद इसके उसने जमीन पर गिरे अरमान अली की छाती में बड़ी ही बेरहमी से लगातार पांच बार धारदार चाकू से हमला किया। जिसके बाद मौके पर ही अरमान अली की मौत हो गई। मंगलवार को मंडावाखेड़ा में अरमान का शव मिला।

पुलिस ने कत्ल के आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मृतक अरमान अली और समीर दोनों जसपुर के नई बस्ती,वार्ड नंबर 12 में आसपास ही रहते थे और अक्सर स्मैक का सेवन करते थे। कुछ दिन पूर्व स्मैक की पुड़िया को लेकर हुए एक छोटे से विवाद के बाद अरमान अली ने समीर की कुछ लोगों के साथ मिलकर पिटाई कर दी थी। इसी रंजिश में हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस ने रक्तरंजित चाकू बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *