







रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर भाजपा झूठ बोल रही है। स्मार्ट मीटर दिखाते हुए उन्होंने कहा कि यदि यह मीटर लगे तो हजारों रुपये का बिल आएगा। मंहगाई बढ़ेगी। गरीब के घर अंधेरे में रहेंगे।


अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में श्री बेहड़ ने कहा कि स्मार्ट मीटर को पहले रीचार्ज किया जाएगा, तब बिजली जलेगी। कहा कि अडानी कंपनी से सरकार अनुबंध कर चुकी है। गोदाम में स्मार्ट मीटर भरे हुए हैं। चुनाव के बाद अडानी कंपनी घर-घर में मीटर लगाएगी। भाजपा कहती है कि विपक्ष भ्रम फैला रहा है, जबकि हकीकत यह है कि भाजपा झूठ बोल रही है। कल सीएम आए तो ऐलान करते कि स्मार्ट मीटर नहीं लगेंगे, लेकिन उनकी चुप्पी से स्पष्ट है कि मीटर लगेंगे। कहा कि यदि कांग्रेस का मेयर बना तो वे किसी हाल में स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे।
श्री बेहड़ ने कहा कि सरकार की नजूल नीति का वे अध्यन कर चुके हैं। सिर्फ वीपीएल को ही 50 वर्ग मीटर जमीन फ्रीहोल्ड करने का प्रावधान है। बाकी के लोग कहां जाएंगे। रजिस्ट्री का इस नीति में कहीं उल्लेख नहीं है। कहा कि मोहन लाल खेड़ा मेयर बने तो लोहिया मार्केट से उजाड़े गए व्यापारियों को निःशुल्क दुकान उपलब्ध कराई जाएगी। प्रेस वार्ता में कांग्रेस मेयर प्रत्याशी मोहन खेड़ा और पुष्कर राज जैन मौजूद थे।


