







रुद्रपुर। कल प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कांग्रेस के कार्यवाहक नगर अध्यक्ष सीपी शर्मा और कांग्रेस पार्षद मोहन खेड़ा पुलिस प्रशासन की तमाम सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने विरोध जताना शुरू किया तो मीडिया वालों ने उन्हें घेरा, लेकिन एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अफसरों को निर्देशित कर उन्हें वहां से हटवा दिया।
यूं तो बहुत से नेता व्यापारियों के साथ होने का दावा कर रहे थे, मगर कल जब बुलडोजर चला तो कुछ को पुलिस ने नजरबंद कर दिया और कुछ घरों में कैद हो गए। प्रशासन ने डीडी चौक से इंदिरा चौक तक हर रास्ते पर बैरिकेडिंग करके पुलिस तैनात कर दी थी, ताकि कोई प्रशासन के काम में दखल न दे सके।



पुलिस प्रशासन जब गुलाटी चिकन के आसपास बनी दुकानों को ध्वस्त कर रहा था तो सीपी शर्मा और मोहन खेड़ा पुलिस की तमाम चौकसी को धता बताकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एसडीएम के समक्ष इस बात का ऐतराज जताया कि सार्वजनिक शौचालय भवन को क्यों छोड़ा जा रहा है। उनका कहना था कि प्रशासन ने उजाड़ने से पहले व्यापारियों को बसाने की व्यवस्था क्यों नहीं की। सीपी शर्मा का विरोध देखकर मीडिया के कैमरे उनकी ओर हो गए। जिस पर कप्तान की नजर गई तो उन्होंने अधीनस्थों को सीपी शर्मा को डीडी चौक से बाहर करने के निर्देश दिए और नाराजगी भी जताई कि वह कैसे वहां पहुंच गए।
कांग्रेस नेता सीपी शर्मा ने मेयर रामपाल सिंह के उस बयान को हास्यास्पद करार दिया, जिसमें उन्होंने अतिक्रमण तोड़ने के लिए व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा को दोषी बता दिया। कहा कि यदि मेयर रामपाल सिंह सच्चे मन से व्यापारियों के साथ होते तो कल बुलडोजर के सामने खड़े होने का साहस करते। कांग्रेसियों ने सरकार का पुतला जलाया और मेयर रामपाल सिंह की व्यापारियों के साथ सहानुभूति खत्म हो गई, मेयर का यह बयान किसी के गले उतरने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि विधायक शिव अरोरा ने तो इस बार दुकानें बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए। कहा कि पुलिस व प्रशासन के रवैये ने अंग्रेजी हुकूमत की याद दिला दी।
श्री शर्मा ने कहा कि रम्पुरा के गरीबों को एक घंटे के नोटिस पर उजाड़ दिया गया। गरीब चाय समोसा बेचकर अपना परिवार पालते थे, लेकिन उन गरीबों की आवाज कोई नहीं उठा रहा। इन गरीबों को तत्काल वेंडर जोन बनाकर बसाया जाए, ताकि रम्पुरा के गरीब अपना परिवार पाल सकें। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि उजाड़े गए गरीबों को सरकार मुआवजा दे। कहा कि दुख की इस घड़ी में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।


