







रुद्रपुर। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए कमीशनखोरों के विरुद्ध सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से लाभार्थीयों को सहायतार्थ आवंटित धनराशि के चैक को उपलब्ध कराए जाने के एवज में कमीशन मांगने वाले के खिलाफ थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप को गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करने के निर्देश दिए हैं।


कल दिनांक 28/07/2024 को सोशल मीडिया एवं विभिन्न माध्यमों से एक ऑडियो वायरल हो रही है जिसमें कथित रूप से जावेद नाम का एक व्यक्ति, भगवान दास नाम के व्यक्ति को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से लाभार्थी को सहायतार्थ आवंटित हुए 5,000/-रुपये के चैक के भुगतान के एवज में कमीशन के रुप में 3,000/- रुपये की मांग कर रहा है तथा भविष्य में 20,000/- रुपये का अन्य चैक दिलाने की भी बात कर रहा है।
उक्त ऑडियो क्लिप को सोशल मीडिया पर विभिन्न माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है। इस संबंध में राजस्व उप निरीक्षक रुद्रपुर द्वारा थाना ट्रांजिट कैंप पर तहरीर दी गई है, जिसमे मुकदमा पंजीकृत कर शीघ्र अतिशीघ्र दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने इस मामले में पीड़ित के साथ प्रेस कांफ्रेंस की थी। जिसमें उन्होंने विधायक शिव अरोरा और एसएसपी पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद विधायक शिव अरोरा ने जवाबी प्रेस कांफ्रेंस की।


