







रुद्रपुर। सामिया इंटरनेशनल बिल्डर्स के खिलाफ ठगी के एक दर्जन मुकदमों के बाद अब गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है। एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बिल्डर्स की लापरवाही के चलते अपने पुत्र की डूबने से मौत होने का आरोप लगाया है।


शिवनगर वार्ड नौ रुद्रपुर निवासी शमशेर सिंह पुत्र सुच्चा सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बीती 18 अक्टूबर को दोपहर डेढ़ बजे उसका छह वर्षीय पुत्र मनराज सिंह एक अन्य बालक के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह सामिया लेक में गिर गया। दूसरे बच्चे ने गेट पर गार्ड को जाकर बताया। गार्ड मौके पर गया, लेकिन उसने बच्चे को बाहर नहीं निकाला, ताकि उसके कपड़े खराब न हों। बाद में वहां काम कर रहे मजदूरों ने बच्चे को निकाला, तो उस समय बच्चे की सांस चल रही थी। आरोप है कि सामिया प्रबंधन न तो उनके बच्चे को अस्पताल ले गया और न ही उन्हें घटना की सूचना दी। एक घंटे बाद जब उन्हें पता चला तो वह बच्चे को लेकर अस्पताल गए, लेकिन रास्ते में बच्चे ने दम तोड़ दिया।
शमशेर सिंह का आरोप है कि सामिया प्रबंधन ने सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे, जिस कारण उसके पुत्र की जान गई। उसने सामिया के सीएमडी जमील खान, महाप्रबंधक मरगूब त्यागी, प्रोजेक्ट हेड आसिम और रमेश को नामजद करते हुए कहा कि इन लोगों ने तालाब के आसपास न तो तारबाड़ की थी और न ही कोई सपोर्ट लगाई थी। यही नहीं सुरक्षा की दृष्टि से कोई गार्ड बिठाया था, जबकि तालाब में करीब छह फुट पानी भरा था। इसी लापरवाही के कारण उनके पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने उक्त चारों के खिलाफ 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया है।


