







रुद्रपुर। महानगर की सीट सामान्य होते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नजदीक माने जाने विकास शर्मा के दफ्तर में बधाई देने वालों की भीड़ जुटी है। इसके अलावा उनके मोबाइल फोन पर भी लगातार बधाई संदेश आ,रहे हैं। यह बात दीगर है कि भाजपा ने मेयर पद के लिए प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है, लेकिन विकास शर्मा के समर्थकों में गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है।


भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह कर पुष्कर सिंह धामी के साथ कार्य करने का विकास शर्मा को लंबा अवसर मिला। फिलहाल वह भाजपा के प्रदेश मंत्री हैं। वह राजनीति में खासे सक्रिय हैं और लोगों के काम कराते रहते हैं। समाज सेवक के रूप में भी उनकी पहचान बनी हुई है।
हालांकि भाजपा में मेयर पद के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, पूर्व मेयर रामपाल सिंह, पूर्व मेयर के पति सुरेश कोली, तरुण दत्ता समेत अनेक लोग अपनी अपनी गोटियां बिछा रहे हैं। फैसला तो भाजपा की प्रत्याशी की सूची जारी होने पर ही होगा, लेकिन विकास शर्मा के दफ्तर में चुनावी माहौल अभी से दिख रहा है। यदि पिछले चुनाव के नतीजों पर गौर किया जाए तो भाजपा का यहां अच्छा खासा वोट बैंक रहा है।


