







रुद्रपुर। 15 वर्ष पूर्व हत्या कर फरार 50 हजार के ईनामी अभियुक्त को बाजपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। वर्ष 2008 में बाजपुर क्षेत्र में बर्बरता पूर्वक हत्या कर आरोपी फरार हो गया था। मर्डर के बाद केरला में 10 साल सोलेमन बनकर छिपा रहा अभियुक्त। अब लगातार नाम व ठिकाने बदलकर वह पश्चिम बंगाल में रह रहा था।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में आपरेशन प्रहार/ ईनामी अभियुक्तों की धड़ पकड़ हेतु चलाए गए अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के निर्देशन में थाना बाजपुर पुलिस एवं एसओजी काशीपुर की टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार थाना बाजपुर में तीन दिसम्बर 2008 की रात को गाँव वीरपुर थाँपानगला में राजवीर पुत्र रामप्रसाद की चक्की में काम करने वाले उसके नौकर राज उर्फ राजू निवासी बिहार ने राजवीर की चारपाई में बाधकर पेंचकस से शरीर में कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। घटना की रिपोर्ट मृतक के चाचा सामती सिंह पुत्र श्री जयराम निवासी थापा नगला वीरपुर थाना बाजपुर में अगले दिन दर्ज कराई थी। अभियुक्त राज उर्फ राजू की गिरफ्तारी न हो पाने के कारण अभियुक्त को वांछित घोषित कर अभियुक्त की कुर्की कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियुक्त राजा उर्फ राजू पर 10000/- का ईनाम घोषित किया गया व अभियुक्त राज उर्फ राजू के विरुद्ध मफरुरी में आरोपपत्र न्यायालय प्रेषित किया गया। चूँकि इस हत्याकाण्ड के कारण क्षेत्र में काफी भय का माहोल बन चुका था इस हत्याकाण्ड में दो विवेचकों द्वारा विवेचना की गई थी। पुलिस द्वारा लगातार उक्त अभियुक्त राजा उर्फ राजू के बारे में जानकारी करते हुये उक्त अभियुक्त पर पुलिस उप महानिरीक्षक कुँमाऊ परिक्षेत्र ने वर्ष 2022 में 50,000/- रुपये का ईनाम घोषित किया। उक्त अभियुक्त की तलाश हेतु थाना बाजपुर की पुलिस टीम द्वारा पश्चिम बंगाल दीनापुर में जाकर उक्त अभियुक्त का सही नाम पता तस्दीक कर बाजपुर थाने से एक पुलिस टीम दिनांक 21 जनवरी 2023 को केरल भेजी गई, जहां से अभियुक्त पुनः फरार हो गया। अभियुक्त के नम्बरों को लगातार सर्विलांस से चैक करते हुये अभियुक्त की तलाश हेतु दिनांक 10 अक्टूबर 2023 को एसओजी प्रभारी भुवन चंद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु केरल भेजी गई। उक्त टीम द्वारा अभियुक्त की केरल में जाकर तलाश की गई तो अभियुक्त वहां से पश्चिम बंगाल पहुंच गया। जहां पुलिस टीम द्वारा उसको ट्रेक करते हुए अभियुक्त को दिनांक 15 अक्टूबर 2023 गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो राजू ने अपना नाम राजू उर्फ राज उर्फ सोलमन उर्फ जहीरुद्दीन पुत्र लुकमान निवासी गौलापार थाना रायगंज जिला उत्तर दिनानपुर पश्चिम बंगाल बताया। जिसे स्थानीय न्यायालय में पेश कर ट्रॉजिट रिमांड लिया गया व थाना बाजपुर में लाकर दाखिल किया गया जिसे न्यायालय पेश किया जायेगा।


