रुद्रपुर: सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी कांग्रेस की हाथ जोड़ो यात्रा: मोहन खेड़ा

रुद्रपुर। ज़िला कांग्रेस कमेटी द्वारा 65-विधानसभा,गदरपुर में “हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा” के ब्लाक पर्यवेक्षक के रूप में मोहन खेड़ा एवं नगर पर्यवेक्षक के रूप ममता रानी को नियुक्त किया है। इसके अलावा रुद्रपुर विधान सभा के लिए ममता हालदार को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

पर्यवेक्षक मोहन खेड़ा के गदरपुर पहुंचने पर नगर और ब्लाक कांग्रेस कमेटी द्वारा फूल मालाओं से स्वागत किया गया। श्री खेड़ा ने कहा कि 26 जनवरी से चलने वाली “हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा” में सभी को साथ लेकर नगर से गांव तक चलने वाली यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने का काम अभियान के रूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में इस यात्रा को जोर शोर से निकाला जायेगा। जिसके तहत हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की तरह हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा भी पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगी। यह यात्रा उत्तराखण्ड में सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी।

उधर, रुद्रपुर की पर्यवेक्षक एवं प्रदेश महासचिव ममता हालदार ने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर अभियान की सफलता के लिए रणनीति तैयार की। बैठक में यात्रा की सफलता के लिए पार्टी के लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गई।

इस दौरान पर्यवेक्षक ममता हालदार ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिले रहे भारी जनसमर्थन को देखते हुए अब अब पार्टी ‘हाथ से हाथ जोड़ो‘ अभियान चलाने जा रही है। देश भर के साथ उत्तराखण्ड में भी 26 जनवरी को दो माह के इस अभियान का आगाज होगा। इस अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता घर घर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। प्रत्येक ब्लाक में एक माह पदयात्रा चलेगी और हर गांव में बैठक का आयोजन होगा। घर-घर जनसंपर्क कर केंद्र सरकार की असफलताएं बताईं जाएंगी । यात्रा के दौरान राहुल गांधी का देश के ग्रामीण अंचल के लोगों के नाम पत्र भी बांटा जायेगा और प्रधानमंत्राी मोदी के खिलाफ कांग्रेस की चार्जशीट जारी की जायेगी। हर घर में भारत जोड़ो यात्रा का स्टिकर भी लगाया जायेगा। इस दौरान पार्टी के लोगों को अलग अलग जिम्मेवारियां सौंपी गयी। पर्यवेक्षक ममता हालदार ने कहा कि अब तक की तैयारियों को लेकर 18 जनवरी को प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को रिपोर्ट सौंपी जायेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस यात्रा के लिए जी जान से जुटने का आहवान किया। इस दौरान पार्टी के अन्य नेताओं ने भी अपने सुझाव और विचार रखे।

बैठक में महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा, कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, ब्लाक अध्यक्ष दिनेश पंत, नित्यानंद मण्डल, जगदीश तनेजा, हरीश बावरा, सादिक, प्रीति साना, गोपाल भसीन, मोनिका ढाली, विजय यादव,विजय अरोरा, नारायण हालदार, अजय आदि कांग्रेसी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *