रुद्रपुर : शिव अरोरा ने बताया एक साल का लेखा जोखा

रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि काशीपुर बाईपास रोड का नाम चेंज होगा और इस संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। रुद्रपुर की लेक पैराडाइज झील की लीज समाप्त करा कर उसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। रुद्रपुर में एक इंटर कॉलेज के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

सिटी क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में विधायक ने कहा कि काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण के लिए धन अवमुक्त हो चुका था, लेकिन तत्कालीन विधायक राजकुमार ठुकराल ने एक नहीं, बल्कि दो दो पत्र लिखकर चौड़ीकरण का प्रस्ताव निरस्त कराया था, जबकि इस मार्ग पर भयंकर जाम की स्थिति रहती है। उन्हें जनता को जवाब देना चाहिए कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि उन्होंने लोगों से सुगम यातायात का अधिकार छीना। बताया कि अब उन्होंने इस प्रोजेक्ट को पुनर्जीवित कराकर धनराशि अवमुक्त कराई है। उनका प्रयास होगा कि व्यापारियों का कम से कम नुकसान हो। कहा कि इस मार्ग का नाम किसी महापुरुष के नाम पर रखा जाएगा।

विधायक ने कहा कि 1957 के बाद से किसी जनप्रतिनिधि ने यहां इंटर कॉलेज बनवाने के प्रयास नहीं किए। सिर्फ एक जीजीआईसी खुला। उन्होंने आवादी को देखते हुए गंगापुर रोड पर इंटर कॉलेज का प्रस्ताव सदन को दिया है, शीघ्र ही इसकी स्वीकृति मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन नहीं है, जबकि गरीब और मध्यम वर्गीय लोग एमआरआई नहीं करा पाते हैं। उन्होंने एमआरआई मशीन का विषय उठाया और तीन महीने में एमआरआई की सुविधा उपलब्ध होगी।

विधायक शिव ने कहा कि नजूल भूमि का मालिकाना हक देने के लिए सरकार नीति लाई, लेकिन उस योजना का लाभ सिर्फ एक व्यक्ति को मिल सका। तकनीकी कारणों से पात्र लोग आवेदन ही नहीं कर सके। तत्कालीन विधायक ने इस योजना का अध्ययन नहीं किया और वे बिन्दु इस योजना में शामिल नहीं हो सके जिससे गरीबों को योजना का लाभ मिल पाता। अब वे ऐसी नीति बनवाएंगे, जिससे गरीबों को इसका लाभ मिल सके। इसके लिए उनकी मुख्यमंत्री से बात हो चुकी है। अरोरा ने बताया कि शहर के बीचोंबीच लेक पैराडाइज बनाई गई, लेकिन उसे लीज पर दे दिया गया। अब वहां शादियां, वाहन पार्किंग और अन्य गतिविधियां होती हैं। कोई शहरवासी वहां नहीं जाता। उन्होंने इस विषय को विधान सभा में उठाया है। इसकी लीज समाप्त कराकर इसे पर्यटन की दृष्टिकोण से विकसित किया जाएगा।

विधायक ने कांग्रेस के उन नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा जो आज लोहिया मार्केट साफ होने पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं, असल में समस्या की जड़ ही कांग्रेस है। यह नासूर कांग्रेस की देन है, क्योंकि एनएच 87 के निर्माण के वक्त रुद्रपुर बाईपास प्रस्तावित था। तत्कालीन विधायक, सांसद केसी बाबा और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री हरीश रावत ने बाईपास का प्रस्ताव निरस्त कराया था और एनएच 87 रुद्रपुर का सीना चीरता हुआ निकला। अब उन्होंने रुद्रपुर रिंग रोड स्वीकृत कराई है, जो दो वर्ष में बन कर पूरी होगी। इसके लिए मुख्य सचिव से भी उनकी वार्ता हुई है।

विधायक ने बताया कि लव जिहाद, लैंड जिहाद और जनसंख्या असंतुलन जैसा गंभीर विषय विधान सभा में उठाया है। रुद्रपुर जलनिकासी के लिए व्यापक सर्वे को मंजूरी मिल चुकी है। मोदी मैदान को सुरक्षित रखते हुए उन्होंने ईडब्ल्यूएस आवास प्रोजेक्ट को चालू कराया है। मोदी मैदान को क्रीड़ा मैदान बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *