रुद्रपुर: शराब पीकर दोस्तों ने कर दिया युवक का मर्डर, बाइक पर लाश लाकर घर के आँगन में दफ़ना दी

रुद्रपुर। दिनेशपुर से लापता युवक की लाश उसके दोस्त के घर के आँगन में गढ़ी मिली। दरअसल शराब पीने के बाद हुए विवाद के बाद दो दोस्तों ने युवक की हत्या की थी। बाद में शव को मोटरसाइकिल पर लाद कर ऐसे लाया गया, जैसे वह तीसरी सवारी हो। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दिनेशपुर के ग्राम मदनापुर निवासी चंदन सिंह खड़ायत ने छह जून को थाने में सूचना दी कि उसका 21 वर्षीय भाई प्रेम सिंह घर से गायब है। उसे अनेक संभावित स्थानों पर तलाश किया गया,लेकिन वह नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है। उन्होंने भाई के साथ किसी अनहोनी की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने जांच की तो प्रेम सिंह का मोबाइल केलाखेड़ा में स्विच ऑफ होना पाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच का दायरा बढ़ाया तो प्रेम सिंह को अंतिम बार गदरपुर के ग्राम सूरजपुर निवासी जंगबहादुर और हर्ष चौधरी के साथ देखे जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने जंगबहादुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह हर्ष और प्रेम सिंह के साथ केलाखेड़ा घूमने गए थे, जहां शराब पीने के बाद विवाद हो गया। जिस पर उसने हर्ष के साथ मिलकर प्रेम सिंह की हत्या कर दी। उसके बाद लाश को मोटरसाइकिल पर बीच में बिठाकर सूरजपुर तक लाया गया। जंगबहादुर ने बताया कि घर के आँगन में गड्ढा पहले से ही था, उसने लाश को इसी गड्ढे में दबा दिया और मिट्टी से पाट कर ऊपर से कूड़ा जला दिया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने जंगबहादुर की निशानदेही पर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी हर्ष फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा हत्या और साक्ष्य छिपाने की धारा में तरमीम कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *