रुद्रपुर: रिश्वत लेते राजस्व उपनिरीक्षक गिरफ्तार

रुद्रपुर। उप तहसील नानकमत्ता के रेवेन्यू क्षेत्र साधूनगर के राजस्व उपनिरीक्षक को विजिलेंस की टीम ने आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार ध्यानपुर निवासी द्वारिका प्रसाद ने विजिलेंस को दिए शिकायतीपत्र में कहा कि उसने खेत में धान की रोपाई की थी। फसल पकने पर जब वह काटने गया तो गुरदीप कौर व उसके परिजनों ने फसल नहीं काटने दी। राजस्व उपनिरीक्षक त्रिलोचन सिंह सुयाल ने इस जमीन पर विवाद होने की रिपोर्ट लगा दी। फिर राजस्व उपनिरीक्षक ने कहा कि वह उनके पक्ष में रिपोर्ट लगा सकता है, जिसके लिए खर्चा करना होगा। रिपोर्ट लगाने के लिए वह आठ हजार पर मान गया। जबकि वह अपनी जगह सही था। पुलिस अधीक्षक विजिलेंस ने शिकायत की जांच कराई तो द्वारिका प्रसाद की बात सही पाई गई। जिस पर इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव के नेतृत्व में ट्रेप टीम गठित की गई।
गुरुवार को टीम ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर दो स्वतंत्र गवाह लिए और राजस्व उपनिरीक्षक त्रिलोचन सिंह सुयाल के किराए पर लिए गए एक कमरे पर छापा मारा। जैसे ही सुयाल ने रिश्वत के आठ हजार रुपए पकड़ें वैसे ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *