







रुद्रपुर। पुलिस ने 15 घण्टे में रुद्रपुर क्षेत्र में हुए हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हत्या परिचित द्वारा ही पुरानी रंजिश व् लूट के इरादे से की गयी थी। हत्या में प्रयुक्त बेस बॉल के बैट अन्य लूटा हुआ माल बरामद हुआ है।


गौरतलब है कि अरुण कुमार पुत्र अमित कुमार निवासी सुभाषनगर डिबडिबा थाना बिलासपुर जिला रामपुर की हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। वादी की तहरीर के आधार पर थाना रुद्रपुर में मुकदमा अपराध धारा 302/392 भादवि बनाम शक्ति पुत्र विजय निवासी कीरतपुर रुद्रपुर दर्ज हुआ। विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक कमाल हसन को सुपुर्द की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में घटना में संलिप्त व्यक्तियो की तुरन्त गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त शक्ति कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी कीरतपुर रुद्रपुर थाना रुद्रपुर को प्रीत बिहार फेस-2 बारादरी रोड रुद्रपुर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त शक्ति के कब्जे से मृतक अरुण कुमार का मोबाईल फोन बरामद हुआ। अभियुक्त की निशानदेही पर ग्राम केसरपुर से मृतक अरुण की हत्या कर लूटी हुई मोटर साईकिल रजि0 नं0 UK06BB 4211 स्प्लेण्डर बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर अभियोग मे धारा 411 भा0द0वि० की बढ़ोत्तरी की गई। अभियुक्त से पूछताछ करने पर बताया कि लालच में आकर बदले की नीयत से अभियुक्त ने अरुण को बेस बाल के डण्डे से मार दिया । जिससे अरुण जमीन पर गिर गया तथा छटपटाते हुए बचाओ की आवाज देने लगा अभियुक्त द्वारा पुनः बेस बाल के डण्डे से लगातार 20-25 बार अरुण कुमार के सिर व शरीर पर प्रहार किया गया । जिससे अरुण कुमार की मौके पर मृत्यु हो गई थी। मृतक अरुण की जेब से मोबाईल फोन निकालकर तथा मृतक की मोटर साइकिल को लूट कर मौके से फरार हो गया।


