







रुद्रपुर। शहर के नामचीन रेनबो पब्लिक स्कूल की प्रिसिंपल पायल भारती की मौत के मामले में तब नया मोड़ आ गया, जब पायल के पिता हरियाणा निवासी ज्ञान सिंह ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।


गौरतलब है कि पायल का शव ओमेक्स स्थित आवास में शुक्रवार देर रात फांसी पर लटका मिला था। पायल के पति सुयोग भारती ने फांसी लगाने की बात कही थी। हालांकि आत्म हत्या की वजह स्पष्ट नहीं थी और न ही कोई सुसाइड नोट मिला।
सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की सूचना पर मृतका के पिता ज्ञान सिंह रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर पायल भारती की हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि 2007 में जब पायल की शादी हुई थी तो करनाल निवासी सुयोग को एमबीए और एलएलबी पास बताया गया था, जो झूठ निकला। कहा कि शादी के बाद सुयोग पायल का उत्पीड़न करता था और शराब पीकर मारपीट करता था। उनका कहना है कि पायल पढ़ी लिखी थी और आत्महत्या नहीं कर सकती थी।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि मृतका के पति से पूछताछ की जा रही है। तहरीर की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


