रुद्रपुर: प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने जताया पुरानी टीम पर भरोसा, भुड्डी जिलाध्यक्ष और विनीत कोषाध्यक्ष बने, संजय के दावे को किया दरकिनार

रुद्रपुर। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने एक बार फिर पुरानी टीम पर भरोसा जताते हुए राजकुमार भुड्डी को जिलाध्यक्ष घोषित किया है। उनके साथ ही निर्मल सिंह हंसपाल को पुनः जिला महामंत्री और विनीत जैन को पुनः कोषाध्यक्ष चुना गया है। इस घोषणा के बाद महानगर अध्यक्ष संजय जुनेजा के सपने चकनाचूर हो गए और अब उनके पास फिर से महानगर अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है।

आपको बताते चलें कि प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के चुनाव की घोषणा हो गई थी। रुद्रपुर के नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा ने जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी ठोंकी थी, लेकिन प्रांतीय स्तर पर विचार-विमर्श के बाद एक बार फिर पुरानी टीम पर भरोसा जताया गया। आज रुद्रपुर के सिटी क्लब में सभी पदाधिकारियों की घोषणा की गई। वही नगर इकाइयों के चुनाव को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी गई हैं। सदस्यता अभियान जारी है। रुद्रपुर नगर कमेटी के चुनाव के लिए सुरमुख सिंह विर्क को मुख्य चुनाव अधिकारी जबकि विनीत जैन को सह चुनाव अधिकारी घोषित किया जा चुका है।

रुद्रपुर में चुनाव होने की प्रबल संभावना है। संजय जुनेजा के सामने अब महानगर अध्यक्ष का चुनाव लड़ने का ही विकल्प शेष है। यूं तो व्यापार मंडल गैर राजनीतिक संगठन है, जुनेजा कांग्रेस की पृष्ठभूमि से आते हैं और भाजपा भी इस बार जुनेजा के सामने प्रत्याशी उतार सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *