रुद्रपुर: चाचा ने मामूली बात पर भतीजे के सीने के पार की गोली, नवविवाहित बहु को बनाया विधवा

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिंदुखेड़ा-रायपुर में रविवार को खेत में काम कर रहे युवक की नलकूप के तार को लेकर हुए विवाद में चाचा ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। तमंचे से फायर झोंककर आरोपी मौके से भाग गया। मृतक युवक का छह माह पहले ही विवाह हुआ था।

जानकारी के अनुसार गांव रायपुर निवासी राजिंदर सिंह उर्फ राजू (24) वर्ष पुत्र तारा सिंह सुबह के समय अपने खेत में कीटनाशक छिड़काव कर रहा था। तभी नलकूप से सिंचाई के लिए चाचा सुच्चा सिंह की खेत से सटे बिजली के पोल पर वह तार लगाने गया। जिस पर दोनों में विवाद हो गया। सुच्चा सिंह बोला चला जा नहीं तो गोली मार देगा। राजू को लगा कि चाचा ऐसे ही बोल रहा है। उसने भी कह दिया कि मार दो गोली। तैश में आकर सुच्चा सिंह ने तमंचे को राजू की छाती पर सटा कर फायर झोंक दिया। बताया जाता है कि गोली सीने के आरपार हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर राजू के परिजन चीखते हुए मौके पर पहुंचे, उन्हें देखकर सुच्चा सिंह मौके से फरार हो गया।

परिजन बुरी तरह घायल राजू को काशीपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर के हाथ खड़े करने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर पिता तारा सिंह और माता सुरजीत कौर बेहोश हो गई। बड़े भाई लखविंदर सिंह और बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के लोगों ने बताया कि राजू का छह माह पहले दिल्ली से सुरेंद्र कौर के साथ विवाह हुआ था। पति की मौत से नवविवाहिता पत्नी भी सदमे में है। राजू दो भाइयों और पांच बहनों में सबसे छोटा था। कोतवाल विक्रम राठौर ने पंचनामा भरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम हाउस पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पहुंच कर मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही आरोपी चाचा की गिरफ्तारी की मांग की। उधर, गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *