







रुद्रपुर। ऐन चुनाव के वक्त कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, निवर्तमान पार्षद सुरेश गौरी, रमेश कालड़ा और अमित मिश्रा अपने सैकड़ों समर्थकों के भाजपा में शामिल हो गए। सभी किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ के बेहद करीबी रहे हैं।



बेहड़ समर्थक कांग्रेस महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा को हटाकर प्रदेश अध्यक्ष ने सीपी शर्मा को महानगर अध्यक्ष बनाया तो तलवारें खिंच गई थी। बड़ी संख्या में बेहड़ समर्थक कांग्रेसी तिलकराज बेहड़ के आवास पर एकत्रित हुए थे। बेहड़ ने उन्हें संबोधित करते हुए आश्वासन दिया था कि वे उनके हितों की रक्षा करेंगे। उधर सीपी शर्मा ने बयान दे दिया था कि बेहड़ को रुद्रपुर की जनता ने नकार दिया, वे किच्छा की राजनीति करें। मामला प्रदेश हाईकमान तक पहुंचा, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उसके बाद से शहर में दो कांग्रेस दिखने लगीं।
बेहड़ समर्थक कांग्रेसी अपनी नाराजगी दिखा कर घर बैठ गए। उन्हें मौजूदा संगठन ने कोई महत्व भी नहीं दिया। इस बीच सीपी शर्मा ने पूर्व महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा और पूर्व पार्षद रमेश कालड़ा को पार्टी से निष्कासित कर दिया। भाजपा ने मौके पर चौका मारते हुए जगदीश तनेजा और उनकी टीम को भाजपा में शामिल करने को राजी कर लिया।
आज शाम भाजपा कार्यालय पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट और विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में इन लोगों ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर दी। भाजपा कार्यालय में ढोल नगाड़े बज रहे थे। फूलों की वर्षा हो रही थी। कांग्रेस क् एक बड़ा खेमा भाजपा में शामिल हुआ।


