रुद्रपुर: कथित तांत्रिक ने युवती से किया दुष्कर्म, करतूत पर पर्दा डालने को किया ये काम

रुद्रपुर। समाज को जागरूक करने के अनेक प्रयत्न करने के बाद भी लोग तांत्रिकों के चक्कर में पड़ कर खुद को बर्बाद कर रहे हैं। ताजा मामला जसपुर क्षेत्र का है, जिसमें एक युवती के उपचार के नाम पर कथित तांत्रिक ने न सिर्फ बलात्कार किया, बल्कि उसकी क्लिपिंग बनाकर ब्लेकमेल किया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जसपुर के ग्राम खेड़ा स्थित पप्पू कॉलोनी निवासी नसीम अहमद पुत्र अनवर कथित तांत्रिक है। उसकी क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी है। जहां उसका अना-जाना रहता था। वर्ष 2021 में रिश्तेदार के पड़ोस में रहने वाली एक युवती की तबीयत खराब होने पर उसने उसका उपचार शुरू किया।

आरोप है कि फरवरी 2022 में नसीम ने युवती को तंत्र विधा से इलाज के बहाने अपने घर बुलाया और चाय में नशीला पदार्थ देकर उसे बेहोश कर दिया। बेहोश होने पर नसीम ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि बाद में तांत्रिक झाड़ फूंक करने के बहाने युवती को अपने साथ कलियर ले गया। जहां उसने एक कमरे में उसके साथ दुष्कर्म कर चुपके से उसकी वीडियो क्लिपिंग बना ली। साथ ही युवती के किसी को बताने पर क्लिपिंग वायरल करने की धमकी दी। बीती 13 जनवरी को युवती जसपुर बाजार आई थी। आरोपी ने उसे देख लिया और दुष्कर्म के उद्देश्य से घर ले जाने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर युवती से मारपीट की। साथ ही जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। युवती ने तांत्रिक की करतूत अपने परिजनों से बताई। अपनी पोल खुलती देख कर तांत्रिक ने अपनी बहन का रिश्ता पीड़िता के भाई के साथ तय कर दिया, मगर युवती ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंप कर रिपोर्ट दर्ज करा दी।

कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *