राहुल गांधी के साथ दो दिन बिताने वाले रुद्रपुर के बालक को कांग्रेसियों ने किया सम्मानित, बोले बनेगा कांग्रेस का नेता

रुद्रपुर। गुरूद्वारा हरमिंदर साहिब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सुर्खियों में आये रुद्रपुर के बालक इकनूर सिंह का जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेसियों ने स्वागत करते हुए सम्मानित किया। साथ ही इकनूर के परिजनों को भी सम्मानित किया।

बता दें बीते दिनों कांग्रेस पूर्व महासचिव राहुल गांधी गुरूद्वारा हरिमिंदर साहिब के तीन दिवसीय दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने रुद्रपुर निवासी दलजीत सिंह के पुत्र इकनूर सिंह से प्रभावित होकर उसे अपना मित्र बना लिया। राहुल गांधी ने दो दिन बालक के साथ गुरूद्वारे में सेवा की और काफी समय बालक के साथ बिताकर रुद्रपुर और उत्तराखण्ड के बारे में भी चर्चा की। इकनूर सिंह जब वहां से वापस लौटे तो राहुल गांधी ने फोन पर भी उससे बातचीत की और भविष्य में रुद्रपुर आने पर उनके घर आने का वायदा भी किया। राहुल गांधी से हुई मुलाकात के बाद इकनूर सिंह और उसका पूरा परिवार गदगद है। इस मुलाकात के बाद इकनूर सिंह सुर्खियों में आ गया।

राहुल गांधी से मुलाकात करके लौटे इकनूर सिंह और उसके परिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान इकनूर ने राहुल गांधी से मुलाकात के अनुभव कांग्रेसियों के साथ साझा किये। इकनूर ने बताया कि राहुल गांधी सच्चे और नेक दिल इंसान हैं। उनसे मुलाकात के दौरान उन्हें ऐसा लगा कि जैसे वह पहले से ही परिचित हों। राहुल गांधी ने मुलाकात के दौरान उन्हें जो अपनेपन का अहसास कराया उसे वह कभी भुला नहीं पायेंगे। इकनूर ने बताया कि राहुल गांधी का सेवाभाव देखने लायक था। उन्होंने पूरे श्रद्धाभाव के साथ गुरूद्वारे में सेवा की झाडू़ लगाई, बर्तन साफ किए और संगत के जूते भी साफ किये। उनका सेवाभाव और व्यवहार दिल को छू गया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि रुद्रपुर के बालक की राहुल गांधी से मुलाकात ने न सिर्फ इस परिवार को बल्कि रुद्रपुर की जनता को भी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि इकनूर प्रतिभाशाली बालक है उसकी प्रतिभा को देखकर ही राहुल गांधी ने उसके साथ दो दिन बिताये और अपने निजी जीवन के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच सबसे अलग है। वह गरीब अमीर का कोई भेद नहीं रखते बल्कि सभी को समान भाव से देखते हैं।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि इकनूर सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ बेबाक बातचीत करके पूरे शहर को गौरवान्वित किया है। भविष्य में निश्चित ही यह बालक कांग्रेस का बड़ा नेता बनकर उभरेगा। उन्होंने इकनूर के साथ ही पूरे परिवार को बधाई दी और प्रतिभावान बालक के उज्जवल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर इकनूर सिंह के पिता दलजीत सिंह, कांग्रेस नेता सौरभ चिलाना, पार्षद मोहन खेड़ा, गोपाल भसीन, सुनील आर्य, मोहन अरोरा, अर्जुन विश्वास, उमा सरकार, मनोज कुमार सिंह, सतीश कुमार, अमन जौहरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *