भगवान वाल्मीकि की शोभा यात्रा का नगर निगम गेट पर हुआ भव्य स्वागत, महापौर ने की पुष्पवर्षा

रुद्रपुर। महर्षि वाल्मीकि की जयंती के उपलक्ष्य में नगर में निकाली गई भव्य शोभा यात्रा का नगर निगम गेट पर महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और पार्षदों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। शोभायात्रा जैसे ही नगर निगम परिसर के समीप पहुंची, निगम की ओर से श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई यह शोभायात्रा धार्मिक उल्लास, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक बन गई। यात्रा में भगवान वाल्मीकि, लव-कुश तथा महर्षि वाल्मीकि के जीवन प्रसंगों पर आधारित सजीव झांकियों ने सभी श्रद्धालुओं और दर्शकों का मन मोह लिया। श्रद्धालु जगह-जगह पर “जय महर्षि वाल्मीकि” के जयघोष के साथ यात्रा में सम्मिलित हो रहे थे। ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और भजन कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया। अनेक स्थानों पर लोगों ने अपने घरों, प्रतिष्ठानों और गलियों को सजाकर शोभा यात्रा का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने नगरवासियों को वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि न केवल रामायण जैसे महान ग्रंथ के रचयिता हैं, बल्कि वे समाज को धर्म, न्याय, करुणा और आत्म-परिवर्तन का मार्ग दिखाने वाले युगद्रष्टा भी हैं। उन्होंने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि का जीवन इस बात का प्रेरणास्रोत है कि मनुष्य चाहे कितनी भी विपरीत परिस्थितियों में क्यों न हो, वह आत्मज्ञान और प्रयास से महानता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। महापौर ने कहा कि नगर निगम रुद्रपुर सदैव सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपराओं और जनभावनाओं का सम्मान करता आया है। इस तरह के आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारा बढ़ता है और यह नगर निगम के लिए गौरव की बात है कि वह इस पावन अवसर का हिस्सा बना।

शोभा यात्रा के स्वागत के दौरान नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, सोनू मुल्तानी, पारस चुघ पार्षद राजेश जग्गा, अशोक चौधरी, लक्ष्मण चौहान, रणजीत चरण, मुकेश राजौरिया, सुनील रोहतगी, राजपाल चौधरी, राजू, संजय कुमार, विजा लाल, रघुवीर, संदीप आजाद, मनोज कुमार, , नरेश, सुरेन्द्र, श्यामा चरण, अनिल, गोविंदा, विक्की, रामप्रकाश, बबलू, राकेश, सूरज आजा के अलावा पार्षद गण और निगमकर्मी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *