







रुद्रपुर। पुलभट्टा क्षेत्र में करीब साठ लाख रुपए की कीमत की 608 ग्राम अवैध स्मैक व मोटरसाइकिल सहित एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।


थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा धनतेरस/दीपावली पर्व के दृष्टिगत ग्राम अंजनिया में भूमिया देवता मंदिर के पास तिराहा पर 10 नवंबर को देर रात्रि सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान उत्तरप्रदेश नवडाडीं की ओर से आ रही मोटरसाइकिल हीरो स्पेन्डर नंबर UP25DS1085 से 01 संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर अपनी मोटरसाइकिल वापस मोड़कर वीर शिवा स्कूल को जाने वाले कच्चे रास्ते से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे अंजनिया भूमिया देवता मंदिर के पास पुलिया तिराहा पर ही घेर कर पकड़ लिया गया। पूछताछ मे इसने अपना नाम फईम खान पुत्र तस्लीम खान उम्र 28 वर्ष निवासी वार्ड न08 मीर खां बाबन नगर थाना मीरगंज जिला बरेली बताया। पकड़े गये व्यक्ति की तलाश लेने पर स्मैक बरामद हुई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सितारंगज ओमप्रकाश ने मौके पर आकर कार्रवाई की।
तलाशी में अभियुक्त के कब्जे से 608 ग्राम अवैध स्मैक (कीमत करीब 60 लाख 80 हजार रुपये) एक मोबाईल फोन व 1150 रुपये बरामद हुए । पूछताछ में पकडे गये अभियुक्त ने बताया कि वह फतेहगंज पश्चिम बरेली से यह स्मैक रेशमा पत्नी अजहर मूल निवासी अल्ली खां काशीपुर हाल निवासी फतेहगंज पश्चिम से लेकर आया है। रेशमा आजकल फतेहगंज पश्चिम के कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत के साथ लिव इन में रह रही है। यह स्मैक मुझे सिरौलीकला क्षेत्र में शाहनवाज उर्फ मामू को देनी थी, जिसके बारे मे सिरौलीकलां पहुंचने पर रेशमा मुझे बताती। गिरफ्तार अभियुक्त व अपराध के दुष्प्रेरण में संलिप्त वांछित अभियुक्ता रेशमा के विरुद्ध थाना पुलभट्टा में बरामदगी के आधार पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।


