







रुद्रपुर। पुलभट्टा क्षेत्र में हुए ऑनर किलिंग के मामले का खुलासा हुआ है। एक व्यक्ति ने प्रेम प्रसंग के चलते अपनी नाबालिक बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और हत्या के साक्ष्य मिटाने के लिए रात में ही शव दफन कर दिया था। शिकायत होने पर पुलिस ने शव खुदवा कर पोस्टमार्टम कराया तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या के साक्ष्य प्राप्त हुए। उसके बाद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया।


गुड्डू पुत्र मेहमूद शाह निवासी वार्ड नंबर 19 सिरौलीकला किच्छा थाना पुलभट्टा ने तहरीर देकर आरोप लगया कि उसकी भांजी सोनी आयु 14 वर्ष को उसके पिता जाकिर अली पुत्र भूरे व भाई युनूस पुत्र जाकिर अली निवासीगण वार्ड नंबर 20 सिरौलीकला ने दिनांक 22 मई को समय लगभग चार बजे जान से मार दिया और रात्रि में ही कब्रिस्तान में दफना दिया। जिस पर दौराने जांच उप जिलाधिकारी किच्छा के आदेशानुसार नियमानुसार धारा 176(3) द०प्र०सं० के अन्तर्गत मृतका सोनी का शव कब्रिस्तान से निकालकर पंचनामा भरा गया। मृतका सोनी का पोस्टमार्टम सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी नैनीताल में कराया गया। प्रारम्भिक जांच में उपरोक्त तथ्यों के आधार पर अपराध घटित होना प्रकाश में आया तथा मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण गर्दन दबने के कारण थोटलिंग की पुष्टि हुई है। तथ्यों के आधार पर 31 मई को थाना पुलभट्टा पर धारा 302/201 भादवि बनाम जाकिर अली आदि का अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना एसओ पुलभट्टा के सुपुर्द हुई।
ऑनर किलिंग के अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु थाना स्तर पर थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस ने ग्राम दड़िया थाना देवरनिया जनपद बरेली उत्तर प्रदेश से मुख्य अभियुक्त जाकिर अली पुत्र भूरे शाह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में जाकिर अली ने मृतका सोनी को मना करने के बाद भी फोन से पड़ोस के एक लड़के मोईन से लगातार बात करती थी। जिस कारण अपने पुत्र युनूस के साथ मिलकर गला दबाकर सोनी की हत्या कर दी।


