







रुद्रपुर। व्यापारी गुलशन नारंग के घर व प्रतिष्ठान पर चल रही आयकर विभाग की सर्च एंड सीजर की कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों ने बाजार बंद करके विरोध जताया। विधायक शिव अरोरा, किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी गल्ला मंडी स्थित नारंग के प्रतिष्ठान पर पहुंच कर आयकर विभाग की कार्रवाई बंद करने की मांग की।


व्यापारी गुलशन नारंग और उनके बेटे रौनिक नारंग के प्रतिष्ठानों और आवास पर कल सुबह दस बजे आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा। कल से परिवार को बंधक बना रखा है। आयकर विभाग की यह सर्च एंड सीजर की कार्रवाई बताई जा रही है।
व्यापार मंडल और देवभूमि व्यापार मंडल के आह्वान पर आज सुबह से बाजार बंद कर रखा है। व्यापारी गल्ला मंडी स्थित नारंग के फर्नीचर मार्ट पर एकत्रित होकर विरोध जता रहे हैं। आयकर विभाग की कार्रवाई 25 घंटे बाद भी जारी है।
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि निजी स्वार्थ के कारण व्यापारियों के दो संगठन बन गए। जिस कारण रुद्रपुर चरागाह बन गया है। यहां अधिकारियों ने लूट मचा रखी है। अधिकारी बार बार पोस्टिंग करा लेते हैं। कहा कि वह बीस साल तक विधायक रहे और किसी अधिकारी की हिम्मत नहीं थी कि रुद्रपुर में छापा मार सके। यदि कभी किसी ने छापा मारा तो टकराव भी हुआ। उन्होंने आयकर अधिकारियों से कार्रवाई खत्म करने का आग्रह किया। कहा कि व्यापारी एकजुट हुए यह अच्छी बात है। व्यापारियों को एक मंच पर आना चाहिए।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वह परिवार के साथ हैं और किसी उत्पीड़न नहीं होने देंगे। अभी तक उन्हें ऐसी जानकारी नहीं मिली है कि किसी का उत्पीड़न हुआ हो। कहा सर्च एंड सीजर की बड़ी कार्रवाई होती है।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रौनिक नारंग और उनके परिवार पर किसी तरह का कलंक नहीं है। उन्होंने ईमानदारी से काम किया है। कहा कि किसी ने झूठी शिकायत की है। कहा कि कल से पूरे परिवार को कल से बंधक बनाकर रखा गया है। कहा कि वह परिवार के साथ हैं।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा और देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कहा कि यदि आयकर विभाग ने कार्रवाई बंद नहीं की तो बाजार अनिश्चित काल के लिए बंद किया जाएगा।


