नगर निगम रूद्रपुर को देहरादून में मिला प्रथम पुरस्कार पुरस्कार स्वरूप तीन लाख का चेक और ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

रुद्रपुर। पर्यावरण और स्वच्छता में विशेष उपलब्धि के लिए नगर निगम रुद्रपुर को पर्यावरण दिवस के मौके पर देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुन्दर लाल बहुगुणा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार-2025 के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया है। नगर निगम की ओर से यह पुरस्कार उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने प्राप्त किया। पुरस्कार स्वरूप नगर निगम को तीन लाख का चेक और ट्रॉफी भेंट की गई।

बता दें किच्छा रोड पर दशकों से कचरे का पहाड़ बना हुआ था। इस कचरे के पहाड़ से हाईवे पर आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। साथ ही इसके आस पास रहने वाले हजारों लोगों को भी दुर्गंध और गंदगी में जीवन यापन करना पड़ रहा था। कचरे के पहाड़ को हटाने के लिए कई बार जन आंदोलन भी हुए। दशकों पुराने इस कचरे के पहाड़ को आखिरकार नगर निगम ने आधुनिक तकनीक और उपकरणों का प्रयोग करके साफ कर दिया। जिस स्थान पर कचरे का पहाड़ नजर आता था आज वहां आज पार्क नजर आ आता है। नगर निगम की इस ऐतिहासिक सफलता को भारत सरकार द्वारा प्रकाशित पुस्तक में भी स्थान दिया गया है। वहीं इस उपलब्धि के लिए अब देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भी नगर निगम को बड़ा सम्मान मिला है।

पर्यावरण दिवस पर देहरादून के मुख्य सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम रूद्रपुर को सुन्दर लाल बहुगुणा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार-2025 (सरकारी श्रेणी) में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया। पुरस्कार के रूप में नगर निगम की उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे को मुख्यमंत्री ने तीन लाख की धनराशि का चेक और ट्राफी प्रदान की। साथ ही उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने नगर निगम रुद्रपुर द्वारा पर्यावरण और स्वच्छता के क्षेत्र में किये गये ऐतिहासिक कार्य की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि नगर निगम रुद्रपुर का यह काम अन्य निकायों के लिए प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस कार्यक्रम में सभी को प्लास्टिक मुक्त उत्तराखण्ड की शपथ भी दिलाई। साथ ही लोगों से जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधरोपण करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *