नकली नोट छापने का कारखाना पकड़ा, 22 लाख से अधिक की करेंसी बरामद

रुद्रपुर । ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से बाईस लाख रुपये से अधिक के नकली नोट व हाई क्वालिटी इंक, प्रिंटर, ई-स्टाम्प पेपर, पेपर कटर मशीन आदि अन्य उपकरण बरामद हुए हैं। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने गिरोह का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 2500 का नगद ईनाम दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान काशीपुर क्षेत्र में पुराना ढेला पुल के पास सड़क किनारे बाइक पर बैठे राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू पुत्र सतनाम सिंह निवासी बैराज कालोनी मौहल्ला शक्तिनगर थाना व जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश और बूटा सिंह पुत्र नरेन्द्र सिंह निवासी भोगपुर पो0 बढ़ापुर तहसील व थाना नगीना जिला बिजनौर को 2208500 (बाईस लाख आठ हजार पांच सौ रुपये ) नकली करेंसी नोट 500 रुपये के कुल 4417 नोट व पांच सौ के एकतरफा छपे कुल 18 नोट के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद अभियुक्तों की निशादेही पर बिजनौर बड़ापुर भोगपुर स्थित रोड के किनारे जनसेवा केन्द्र के अंदर जाली नोट बनाने की मशीन, मानीटर लेनोवो कंपनी,एक अदद प्रिंटर HP कंपनी,एक अदद मिनी सीपीयू,एक डाटा केबिल व एक अदद पेपर कटर जिसमें ब्राईट आफिस लिखा तथा एक पेपर रिम कुल 100 अदद, एक तरफ छपे हुये जाली नोट दो, OMV336910 के दो, OMV336911के दो तथा बिना सीरियल नंबर अंकित नोट के पिछले सिरे के एक तरफ छपे हुये कुल 12 नोट तथा पूर्ण रुप से छपे हुये सीरियल नंबर OCM536760 का एक नोट तथा OCM 536736 के दो नोट बरामद किये।

पूछताछ करने पर अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि यह नोट हम खुद भोगपुर थाना बड़ापुर जिला बिजनौर स्थित सी.एच.सी सेंटर के कार्यालय पर प्रिटिंग मशीन से छापते हैं। उसी में जाली नोट बनाने की प्रिटिंग मशीन आदि उपकरण रहते हैं और इस जाली करेंसी को भीड़ भाड़ वाले शहरों में असली के रूप में बेचकर आर्थिक लाभ कमाने के लालच में आज हम इन जाली नोटों को काशीपुर क्षेत्र में असली के रूप में उपयोग करने व बेचने आये थे। पूर्व में भी हम लोग नकली नोटों को उत्तर प्रदेश के कई जनपद यथा मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर व अन्य कई जनपदों में प्रयोग कर लाभ कमा चुके हैं। इस कार्य को हम कई वर्षों से करते आ रहे हैं। अभियुक्त राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू पूर्व में भी धोखा धड़ी के मामलों में जेल जा चुका है । अभियुक्तों का अन्य अपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *