







हरिद्वार। विजिलेंस की टीम ने कनखल थाने में तैनात एक पुलिस कर्मी को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम अभी आरोपी सिपाही के घर की तलाशी कर रही है।


मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार के कनखल थाने में तैनात एक सिपाही पप्पू कश्यप को देहरादून से आई विजिलेंस की टीम ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की टीम सिपाही से पूछताछ कर रही है।
एसपी विजिलेंस रेनू लोहानी ने बताया कि कनखल थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें सात लोगों के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों पक्षों के दो लोगों से सिपाही पप्पू कश्यप ने पैसे ले लिए थे, जबकि पांच लोगों से पांच हजार रुपये की मांग की थी।
इस मामले में विजिलेंस के पास शिकायत पहुंची। शिकायत के बाद विजिलेंस की टीम ने जांच की तो मामला सही पाया गया। जिसके बाद रविवार को टीम ने सिपाही को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पीडित राजू का आरोप है कि पांच हजार रुपए पहले चौकी प्रभारी के नाम के लिए जबरन लिए थे बाकी पांच हजार और मांग रहा था। इसके बाद विजिलेंस ने जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार जगजीतपुर निवासी राजू सिंह ने विजिलेंस को बताया कि उसके परिजनों के खिलाफ 27 मई 2023 को तुषार पुत्र वीरेन्द्र सिंह निवासी पीठ बाजार, जगजीतपुर थाना कनखल ने घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज करा दिए था।


