







रुद्रपुर। पिछले तीन दिन से रुद्रपुर की सियासत में उथल-पुथल मचाने वाला वायरल आडियो भले ही पुराना हो, मगर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के मेयर के चुनाव लड़ने के सपने पर ग्रहण लगा सकता है। आडियो को लेकर पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा अपने समर्थकों के साथ ठुकराल के कांग्रेस में शामिल होने से रोकने के लिए पार्टी फोरम पूरा संघर्ष करेंगी। यदि उनकी लड़ाई रंग लाई तो ठुकराल फिर दोराहे पर खड़े होंगे। दिलचस्प बात यह है कि आडियो को सही बताने वाला गवाह भी सामने आ गया है, जो यह दावा कर रहा है कि आडियो में आवाज है वह ठुकराल की है। बहरहाल यह तो जांच का विषय है।


निकाय चुनाव में रुद्रपुर मेयर की सीट अनारक्षित घोषित हुई है। ठुकराल की तो चाह यही थी कि सीट सामान्य होने पर वे कांग्रेस में शामिल होकर मेयर का चुनाव लड़े। विकल्प के तौर पर वे अपने भाई संजय ठुकराल का नाम भी लेते रहे हैं, लेकिन ऐन वक्त पर एक आडियो वायरल हुई जिससे सियासत में भूचाल आ गया। मीना शर्मा और उनके पति पर की गई अमर्यादित टिप्पणी का आडियो इस वक्त इसी इरादे से वायरल किया गया है, ताकि ठुकराल के मंसूबों पर पानी फेरा जा सके।
आडियो से आहत मीना शर्मा ने ठुकराल के खिलाफ तहरीर दी है। ठुकराल का कहना है कि पुराने वीडियो में ऐआई तकनीक का इस्तेमाल कर कूटरचित आडियो बनाया गया है। आडियो में विकास सागर नामक युवक की आवाज भी सुनाई दे रही है। विकास इस आडियो को सही बताते हुए आवाज ठुकराल की होने का दावा कर रहे हैं।
ऐसे में कांग्रेस हाईकमान क्या ठुकराल को पार्टी ज्वाइन करा पाएगी? यह बड़ा सवाल है? यदि ठुकराल को कांग्रेस में शामिल कराया जाता है तो बगावत कैसे रोकी जाएगी?
यहां बता दें,इसी तरह की अमर्यादित आडियो को आधार बनाकर भाजपा ने हैट्रिक लगाने को तैयार बैठे ठुकराल का टिकट काट दिया था।


