







रुद्रपुर। कांग्रेस हाईकमान के स्तर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को कांग्रेस में शामिल कराने का फैसला ले लिया गया है। हालांकि इससे पहले कांग्रेस को नफा नुकसान का भी आंकलन किया गया। कांग्रेस के हाईलेवल सूत्रों की मानें तो दो तीन में ठुकराल को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी। उसके बाद ठुकराल चुनावी समर में उतरेंगे।


गौरतलब है कि एक बार नगर पालिकाध्यक्ष और दो बार विधायक रहे राजकुमार ठुकराल का भाजपा ने टिकट काट दिया था। बाद में ठुकराल निर्दलीय चुनाव लड़े और 28 हजार वोट हासिल करके तीसरे स्थान पर रहे।
अब ठुकराल कांग्रेस से मेयर का चुनाव लड़ने का मन बनाए हुए हैं। हालांकि उनकी ज्वाइनिंग रोकने के प्रयास किए गए। एक आडियो वायरल हुई, जिसमें पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा पर शर्मनाक और अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। ठुकराल ने इसे कूटरचित बताया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर सौंपी। इस दौरान मीना शर्मा आडियो लेकर दिल्ली तक गई और ठुकराल को कांग्रेस में शामिल न कराने का आग्रह किया। इस बीच ठुकराल की माता दर्शना रानी भी मीना शर्मा से बात करने उनके आवास पर पहुंची, जिसका वीडियो वायरल हुआ। आहत होकर वह अस्वस्थ हुईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। हालांकि मीना शर्मा ने मां से माफी मांगी और उनका हाल जानने अस्पताल पहुंची।
इन सारे घटनाक्रमों के बावजूद कांग्रेस के अनेक नेता ठुकराल को कांग्रेस में शामिल कराने की कोशिश में लगे रहे। सूत्र बताते हैं यह मामला कांग्रेस के दिल्ली दरबार पहुंचा। सूत्र बताते हैं कि नफा-नुकसान के आंकलन के बाद राजकुमार ठुकराल और उनके भाई संजय ठुकराल को कांग्रेस में शामिल कराने का फैसला हो गया है। सब कुछ ठीक रहा तो बहुत जल्द इसका ऐलान होगा।


