जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों को गुमराह कर की प्रशासन की मदद, मीना ने बताई वे भूमि जहां हो सकता है विस्थापन

रुद्रपुर। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष और 66 विधानसभा रुद्रपुर से कांग्रेस की तरफ से विधायक का चुनाव लड़ी पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने भाजपा जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाया है कि उनके संज्ञान में होने के बावजूद उन्होंने व्यापारियों को गुमराह किया और उन्हें नेस्तनाबूद करने में प्रशासन की मदद की l

श्रीमती शर्मा ने विधायक शिव अरोरा और मेयर रामपाल सिंह पर आरोप लगाया कि उन्होंने जी-20 की आड़ में इन व्यापारियों को उजाड़ने का काम किया है l श्रीमती शर्मा ने कहा कि जब रुद्रपुर के बाहर बाईपास रिंग रोड का निर्माण हो रहा है तो नैनीताल दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग और काशीपुर बाईपास पर बैठे व्यापारियों को उजाड़े जाने की क्या आवश्यकता थी? श्रीमती शर्मा ने कहा कि अब इन व्यापारियों को पुनर्वासित करने की आवश्यकता है l जिसके लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हम सभी को प्रयास करने होंगे l श्रीमती शर्मा ने कहा कि सिब्बल सिनेमा के सामने और जल संस्थान कार्यालय के बगल में एक बड़ा भूखंड खाली है, जिसमें इन सभी व्यापारियों को समायोजित किया जा सकता है l इसके अतिरिक्त झील के सामने शिवनगर मोड़ के पश्चिम तरफ एक भूखंड खाली है जिस पर भी इन व्यापारियों को जगह दी जा सकती है l श्रीमती शर्मा ने कहा कि इंडेन गैस सर्विस गोदाम के पास भी बड़ा भूखंड खाली है जिस पर भी मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाकर इन सभी व्यापारियों को दुकानें आवंटित की जा सकती है l पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती शर्मा ने कहा कि इन सभी व्यापारियों को पुनर्वासित करके इनकी मदद की जा सकती है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *