कांग्रेस: वार्ड 35 में खगोपति बने अध्यक्ष

रुद्रपुर। शहर के वार्ड 35 आदर्श इंदिरा बांगाली कालोनी में महानगर कांग्रेस की ओर से आयोजित कांग्रेस की नुक्कड़ सभा में जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा और महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने आगामी निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ मंथन किया और तैयारी में जुटने का आहवान किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने सभी की सहमति से वार्ड अध्यक्ष के लिए खगोपति विश्वास के नाम की घोषणा की।

नुक्कड़ सभा में पहुंचने पर जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोपाल भसीन, पार्षद मोहन खेड़ा का कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। बैठक में सभी से राय लेने के बाद खगोपति विश्वास को वार्ड अध्यक्ष घोषित करते हुए उनका फूल मालाओ से स्वागत किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने वार्ड की समस्याओं की जानकारी ली और जनसमस्याओं को आगामी निकाय चुनाव में हथियार बनाकर भाजपा को सबक सिखाने का आहवान किया। कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर भी चिंतन किया कि आखिर वार्ड में लम्बे समय से कांग्रेस की हार क्यों हो रही है। वार्ड के कार्यकर्ताओं ने वर्तमान पार्षद की तमाम नाकामियां भी गिनायी। कहा कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। पार्षद और मेयर लगातार वार्ड की उपेक्षा कर रहे हैं। जिसके चलते इस बार वार्ड की जनता कांग्रेस का पार्षद चुनने का मन बना रही है।

सभा में जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि इंदिरा बांगाली कालोनी से उनका पारिवारिक रिश्ता रहा है। वार्ड की जनता ने भी पूर्व में यहां कांग्रेस को अपना भरपूर समर्थन दिया लेकिन कुछ वर्षों से वार्ड की जनता भाजपा नेताओं के बहकावे में आकर कांग्रेस को भूल गयी लेकिन आज जनता को भाजपा की हकीकत पता चल चुकी है। भाजपा वोट की खातिर लोगों को जाति धर्म के नाम पर लड़ाने का काम कर रही है। भाजपा की इस मानसिकता को लोग पहचान चुके हैं और उसे सबक सिखाने के लिए तैयार बैठे है।

महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि इस बार इस वार्ड से कांग्रेस का पार्षद जिताने के लिए हर पूरी ताकत झोंकी जायेगी। जो भी मतभेद कार्यकर्ताओं के बीच है। उन्हें दूर किया जायेगा और रूठों को मनाने के लिए भी कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि आज नगर निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इस भ्रष्टाचार में भाजपाई पार्षद भी गोते लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह कर्नाटक की जनता ने कमीशन खोरों को सबक सिखाया है उसी तरह वार्ड की जनता भी नगर निगम में 40 प्रतिशत तक की कमीशनखोरी को बंद करने के लिए इस बार कांग्रेस का पार्षद और मेयर चुनेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम में चल रही 40 प्रतिशत तक की कमीशन खोरी का जल्द ही खुलासा किया जायेगा। निकाय चुनाव से पहले कमीशनखोरों को बेनकाब करेंगे।

पार्षद मोहन खेड़ा ने कहा कि मेयर और नगर निगम प्रशासन भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुके है। गरीबों की बस्तियों में लगने वाले पैसे को बिल्डरों की कालोनियों में लगाया जा रहा है। इसके चलते आज आम आदमी को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

कांग्रेस नेता गोपाल भसीन ने कहा कि भाजपा की नीतियां देश को बर्बादी के कगार पर ले जा रही है। जनता को सोच समझकर आगामी निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करना होगा। नवनियुक्त वार्ड अध्यक्ष ने अपनी नियुक्ति के लिए जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी है उस पर पूरी निष्ठा से काम करेंगे और इस बार निकाय चुनाव में पार्षद की सीट कांग्रेस की झोली में डालने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

इस अवसर पर कांग्रेस नेता रमेश तरफदार, विधान सरकार, अशोक मंडल, विकास विश्वास, महादेव, संजय , आइस, मणिमंडल, विमल घरामी, सुजीत मजूमदार, रमेश तरफदार, निताई बैरागी, विष्णु मण्डल, विश्वजीत, दुखी राम, जयदेव मदक, विश्व राय, अंकित भारती, कार्तिक पाल, उत्तम मंडल, अजित मजूमदार, रंजीत मलिक, ओमकार गिरी, अरूण मंडल, डा- नीरज हाजरा, कृष्णा सरकार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *